कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी जब चुनावी दौरे पर असम गए थे, तो उन्हें चूमने वाली खबर ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। लेकिन उस वक्त शायद ही किसी ने सोचा होगा कि राहुल को चूमने वाली महिला का ऐसा अंजाम होगा।
असम से खबर आ रही है कि राहुल गांधी को चूमने वाली औरत को उसके पति ने जलाकर मार डाला है। ऐसा बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और वो इतना बढ़ गया कि महिला को आग लगा दी गई।
हालांकि, पुलिस इस बात से इनकार कर रही है कि यह वही महिला है, जिसने राहुल गांधी का गाल चूमा था। एक चैनल ने एसपी अमनजीत कौर के हवाले से बताया कि जो महिला मारी गई, वह कांग्रेस सदस्य थी, लेकिन राहुल की बैठक के दौरान मौजूद नहीं थी। एसपी के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।
लोकसभा चुनाव के लिए AAP की तीसरी लिस्ट
कांग्रेस और भाजपा की लोकसभा चुनावों से जुड़ी तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी ने शनिवार को अपने प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट भी जारी कर दी, जिसमें कुल 20 उम्मीदवारों के नाम बताए गए हैं। इनमें मध्य प्रदेश, उड़ीसा, दिल्ली, केरल, बिहार और चंडीगढ़ की सीटों से दावेदार उतारे गए हैं।
दिल्ली की तीन सीटों पर अपने दावेदार बता चुकी आम आदमी पार्टी ने दो और सीटों से परदा हटा दिया है। उत्तर पूर्वी दिल्ली से आनंद कुमार को टिकट दिया गया है, जबकि उत्तर पश्चिमी दिल्ली से महेंद्र सिंह को मौका दिया गया।
बात करें मध्य प्रदेश की है, तो आम आदमी पार्टी ने वहां सात सीटों पर अपने दावेदारों के नाम जाहिर कर दिए हैं। इनमें भोपाल से रचना ढींगरा, इंदौर से अनिल त्रिवेदी, बेतूल से राजेश सरेराम, हौशंगाबाद से माया विश्वकर्मा शामिल हैं।
मोदी की नई परेशानी, जोशी और आडवाणी
भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी के सामने अब तक जितनी चुनौतियां और मुश्किलें खड़ी थीं, वो बाहर से आ रही थीं। लेकिन इसी बीच नरेंद्र मोदी के लिए नई मुसीबत खड़ी हो गई है।
कहा जा रहा था कि मोदी गुजरात में किसी सीट से लड़ेंगे या पार्टी में नई जान फूंकने के लिए उत्तर प्रदेश की किसी सीट से किस्मत आजमा सकते हैं। लेकिन अब इन दोनों मोर्चों पर मुसीबत दिख रही है।
इसकी वजह यह है कि लालकृष्ण आडवाणी ने शुक्रवार को साफ कर दिया कि वह रिटायरमेंट के मूड में नहीं हैं और एक बार फिर गांधीनगर से लड़ना चाहते हैं।
मोदी की अगली टेंशन बनारस है। यहां से मुरली मनोहर जोशी ने खम ठोंक दिया। जब आरएसएस और भाजपा के बीच मोदी के लिए बनारस सीट पर चर्चा चल रही थी, जोशी ने वहां अपना चुनाव कार्यालय खोल दिया।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण का निधन
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण का निधन हो गया है। बंगारू लक्ष्मण का हैदराबाद के अस्पताल में निधन हुआ।
लक्ष्मण बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। एक हफ्ते से हैदराबाद के ही अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बंगारू लक्ष्मण 74 साल के थे। बंगारू लक्ष्मण भाजपा के दलित चेहरों में से एक थे।
बंगारू लक्ष्मण एनडीए की केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे थे। दरअसल बंगारू लक्ष्मण उन दिनों चर्चा में आए थे जब तहलका ने उन्हें घूस लेते हुए कैमरे में कैद किया था।
इस घटना के बाद से बंगारू विरोधियों के निशाने पर आ गए थे। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
चुनाव से पहले ही मोदी की बल्ले-बल्ले
भाजपा और उसके पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी के लिए यह बड़ी कामयाबी है कि हाल तक उससे दूरी बनाने वाले दलित नेता उसकी तरफ खिंचे चले आ रहे हैं। जस्टिस पार्टी के उदित राज भले वोट ज्यादा न दिला सकें, लेकिन प्रतीकात्मक रूप से अहम हैं।
कांग्रेस और लालू यादव के बार-बार नजरअंदाज करने और ज्यादा भाव न देने से खफा लोक जनशक्ति पार्टी के रामविलास पासवान ने भगवा परिवार में शामिल होना मुनासिब समझा और यह भी साफ कर दिया कि उन्हें मोदी की पीएम दावेदारी पर जरा भी ऐतराज नहीं है।
वहीं, डीएमके सुप्रीमो एम करुणानिधि ने पाला बदलने का फैसला कर लिया। उन्होंने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को कठोर परिश्रमी और अच्छा मित्र करार दिया है। करुणानिधि ने यह बात तमिल के एक बड़े दैनिक अखबार दिनामलार को दिए इंटरव्यू में कही है। लेकिन संदेश दिल्ली तक पहुंच गया है।
प्रेमिका की अश्लील तस्वीरें फेसबुक पर डाली
झारखंड के रांची में नामकुम थाना क्षेत्र के चाय बागान में रहने वाले प्रेम कुमार ने अपनी ही प्रेमिका की अश्लील तस्वीरें फेसबुक पर अपलोड कर दीं।
इस मामले में युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि युवती के साथ उसके प्रेम संबंध थे। युवती की शादी तय हो गई तो उसने प्रेम से बातचीत करना बंद कर दिया।
प्रेम और युवती का फोटो पहले से उसके पास था। नाराज प्रेमी ने युवती की तस्वीरें फेसबुक पर अपलोड कर दीं। जैसे ही युवती की तस्वीरें अपलोड हुई तो उसके दोस्त उसे फोन करने लगे।
पुलिस ने पूछताछ के लिए जैसे ही प्रेम को बुलाया प्रेमिका ने चप्पलों से उसकी धुनाई कर दी। पुलिस ने दोनों का बीच बचाव किया और दोनों पक्षों की बात सुनी। पुलिस ने प्रेम से सारे फोटो लेते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जनरल वीके सिंह मोदी की सेना में शामिल
सीमाओं पर लड़ी जंग में शामिल हो चुके पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वी के सिंह अब लोकसभा की चुनावी जंग में भी दांव आजमाने जा रहे हैं। जनरल सिंह ने शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया।
जनरल वीके सिंह ने भाजपा में शामिल होने से पहले कहा कि इस समय जो लोग देश के विकास के लिए अच्छी और स्थायी सरकार चाहते हैं, वह भाजपा की ओर देख रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की मौजूदगी में जनरल सिंह ने पार्टी की सदस्यता ली। उन्हें राजस्थान के झुंझनू से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है।
बैन होगा चुनावों से पहले ओपिनियन पोल?
एक समाचार चैनल के ओपिनियन पोल को लेकर किए गए स्टिंग के बाद से ही ओपिनियन पोल को बैन करने की मांग उठने लगी है। शुक्रवार को कांग्रेस के एक बड़े नेता ने मुख्य चुनाव आयुक्त वी.एस.संपथ से इस संबंध में मुलाकात भी की है। इसके बाद से ही जल्द ही ओपिनियन पोल पर बैन होने की आंशका जताई जा रही है।
टीओआई के मुताबिक चुनाव आयोग ने इस बाबत दिल्ली पुलिस से हालिया स्टिंग की जांच में मदद मांगी है। इस स्टिंग में चुनावी सर्वेक्षण करनी वाली 11 कंपनियों पर सवाल उठाए गए हैं।
इसके बाद से ही चुनाव आयोग भी ओपिनियन पोल पर फिर से बैन लगाने को लेकर पिच तैयार करने पर जुट गया है। चुनाव आयोग ने इस बात पर चिंता जताई है कि किस तरह से ओपिनियन पोल मतदाता के खुद के निर्णय को बदल रहा है। इस पर कानून मंत्रालय, सूचना प्रसारण मंत्रालय और भारतीय प्रेस परिषद ने भी इस पर सवाल उठाए हैं।
महज 20 रुपये के लिए महिला की हत्या
महज 20 रुपये की बात पर हुई कहासुनी को लेकर पड़ोसी ने धक्का देकर एक महिला की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुलंदशहर पुलिस ने बताया कि मोहल्ला लोधान मढ़ैया निवासी ओमप्रकाश की पत्नी प्रेमवती अपने घर में अपने बेटे पिंटू के साथ बैठे थे। तभी पड़ोसी कृपाल वहां आया और गाली-गलौच करने लगा।
कृपाल का कहना था कि उसे प्रेमवती से 20 रुपये लेने हैं जबकि प्रेमवती का कहना था कि उसने 20 रुपये कम दिए हैं। प्रेमवती अपने घर पर ही परचून का दुकान चलाती है।
उसकी गालियों का जब हमने विरोध किया तो आरोपी कृपाल ने उसकी पत्नी की दीवार पर दे मारा। उसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि इनकी मौत हो चुकी है।
कोर्ट में हुई दुष्कर्मी और पीड़िता की शादी
राजस्थान के चुरू जिले में जिला एवं सेशन न्यायधीश ने दुष्कर्म के एक मामले में दुष्कर्म पीड़ित और दुष्कर्मी की शादी का फैसला दिया। इस फैसले के बाद कोर्ट परिसर में ही दोनों की शादी करा दी गई।
7 अक्टूबर 2013 के इस मामले में पीड़िता ने यह शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसका शारिरिक शोषण किया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। 5 अक्टूबर 2013 को उसने बच्ची को जन्म दिया।
इसकी सूचना फोन पर दी गई तो आरोपी वहां नहीं आया। इसके बाद में पुलिस ने 12 जनवरी 2014 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शुक्रवार को आरोपी की सुनवाई थी।
सुनवाई में युवती ने बयान दिया कि वह युवक से शादी को तैयार है। दोनों की सहमति के आधार पर दोनों की शादी का आदेश दे दिया गया।