गुजरात 2002 दंगों के बाद अल्पसंख्यकों को लेकर लगातार निशाने पर रहे भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने मुस्लिम कार्ड खेलते हुए अल्पसंख्यकों को लुभाने की कोशिश की है।
अहमदाबाद में मोदी ने आज अपने भाषण के दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता को जरूरी बताया।
नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुस्लिमों का उदाहरण देते हुए कहा कि उनमें काफी प्रतिभा है, लेकिन इन लोगों एक उपयुक्त मंच की जरूरत है। मोदी ने अल्पसंख्यकों की जो तारीफ की, उसे आगामी लोकसभा चुनावों के लिए एक स्टंट माना जा रहा है।
आप-कांग्रेस की जंग तेज, नजीब को बताया 'एजेंट'
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और पूर्व पत्रकार आशुतोष ने नजीब जंग को कांग्रेस का 'एजेंट' करार दिया है। आशुतोष ने कहा कि केजरीवाल सरकार के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जनलोकपाल बिल से जुड़ी जानकारी और बातचीत उपराज्यपाल के कार्यालय से लीक कैसे हो गई?
यौन उत्पीड़न करने वाले मंत्री की होगी गिरफ्तारी!
भारत प्रशासित कश्मीर में पुलिस ने एक वरिष्ठ मंत्री की गिरफ़्तारी के आदेश दिए हैं। उनके ख़िलाफ़ शिकायत की गई थी कि उन्होंने कथित तौर पर एक महिला डॉक्टर के साथ अपने चैंबर में बलात्कार का प्रयास किया।
यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने बीबीसी को दी। शब्बीर अहमद ख़ान जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य राज्य मंत्री हैं, उन्होंने बार-बार किए गए फ़ोन का जवाब नहीं दिया।
लेकिन उनके नज़दीकी सूत्रों का कहना है कि वो राज्य के पुलिस प्रमुख के सामने जल्द पेश होने वाले हैं। उनके अनुसार उन्हें वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ से शिकायत मिली है।
बोले केजरीवाल, दिल्ली से भगा देंगे अंबानी को!
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिना नाम लिए अनिल अंबानी पर हमला बोला है। केजरीवाल ने कहा कि अगर दिल्ली में बिजली कंपनियों ने बिजली काटी तो कंपनी को भगा देंगे।
दिल्ली में अनिल अंबानी की कंपनी बीएसईएस बिजली को देने का काम करती है। अनिल अंबानी की कंपनी बीएसईएस, पैसे की कमी के कारण दिल्ली में बिजली काटने के बारे में बयान दे चुकी है।
केजरीवाल सवाल पूछते हैं, पर जवाब नहीं देते!
सुशासन और पारदर्शिता की कसमें खाकर चुनावों में शानदार जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी इन दिनों दिल्ली की सत्ता पर काबिज है और पानी-बिजली जैसे मुद्दों के बाद अब भ्रष्टाचार के मोर्चे पर कदम उठा रही है।
अरविंद केजरीवाल नेता बनने से पहले सूचना के अधिकार (आरटीआई) के प्रचार-प्रसार के लिए काम करते थे और उन्हें आरटीआई का चैम्पियन भी माना जाता था। लेकिन अब शायद रोल बदल गए है।
दिल्ली की केजरीवाल सरकार से अब जब इसी कानून के तहत कुछ जानकारी मांगी जाती है, तो वह उसका जवाब देने में कोई खास दिलचस्प नहीं दिखाती। हां, यह जरूर है कि सवाल पूछने वाले को ही घुमा दिया जाता है।
वरुण गांधी ने खोली नरेंद्र मोदी की पोल!
कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड सियासी नजरिए से काफी अहम माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि इस मैदान में जुटने वाली भीड़ यह बता देती है कि किसी सियासी दल और नेता को कितना समर्थन मिल रहा है।
कुछ दिन पहले इसी ग्राउंड पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रैली में लाखों की भीड़ जुटने का दावा किया गया था। ऐसे में बुधवार को नरेंद्र मोदी की जनचेतना रैली और उसमें जुटने वाली भीड़ पर खास निगाह थी।
मोदी ने कहा कि कोलकाता में इतना 'जन समुद्र' कभी नहीं देखा। यह सही है कि यहां एक सीट न जीतने वाली भाजपा के लिए हजारों की भीड़ जुटना भी खास था, लेकिन दावा किया गया कि इसमें दो-तीन लाख मौजूद थे और 50 हजार को तृणमूल कांग्रेस ने पहुंचने नहीं दिया।
क्लर्क बनने के मौके, करें आवेदन
भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय में अवर श्रेणी लिपिक और सहायक के पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इन पदों को भरने के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता रखने वाले भारतीय नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आयु सीमा के तहत अवर श्रेणी लिपिक के पद पर आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष और सहायक के पद पर आवेदन करने वाले उम्मीदवार की अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई।
आरक्षित वर्ग ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की गई है। आयु की गणना 14 फरवरी, 2014 से की जाएगी।
वेतनमान के तौर पर अवर श्रेणी लिपिक के पद पर चयनित उम्मीदवार को 5200-20200 रुपए तथा ग्रेड पे 1900 रुपए और सहायक के पद पर चयनित उम्मीदवार को 9300-34800 रुपए तथा ग्रेड पे 4600 रुपए निर्धारित है।
मैकुलम का दोहरा शतक, इशांत का 'सुपर सिक्स'
न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन के खेल की शुरुआत अपने कल के स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 329 रन से आगे खेलना शुरू किया। कप्तान ब्रेंडन मैकुलम और कोरी एंडरसन ने टीम को चार सौ के करीब पहुंचा दिया।
कोरी एंडरसन ने इस बीच अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों ने आराम से खेलते हुए दिन का पहला घंटा सुरक्षित निकाला। लेकिन लंच से पहले एंडरसन को इशांत शर्मा ने पगबाधा कर चलता किया और इस जोड़ी को तोड़ भी दिया।
ऑकलैंड के जिस मैदान पर न्यूजीलैंड ने 503 रन बनाए। उसी मैदान पर भारतीय पारी लड़खड़ा गई। उसने महज 10 रन के अंदर अपने तीन विकेट गंवा दिए।
पारी की दूसरी ही गेंद पर आउट ऑफ फॉर्म शिखर धवन (0) खाता खोले बगैर ही आउट हो गए। तेज गेंदबाज ट्रेंट बाउल्ट ने धवन को कैच आउट कराया। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर चेतेश्वर पुजारा महज एक रन बनाकर आउट हो गए।
तालिबान ने पकड़ा जीपीएल लगा अमेरिकी कुत्ता
अफगानिस्तान में तालिबान ने अमेरिकी फौज का एक कुत्ता पकड़ने का दावा किया है। तालिबान का कहना है कि यह कुत्ता बीते साल दिसम्बर में पूर्वी अफगानिस्तान में लड़ाई के दौरान पकड़ में आया था।
तालिबान ने इस कुत्ते का फ़ुटेज भी जारी किया है जिसमें उसे 'कर्नल' कहकर पुकारा जा रहा है।
चरमपंथी संगठन का कहना है कि इस कुत्ते में एक जीपीएस ट्रेकिंग डिवाइस लगा हुआ था। साथ ही एक टॉर्च और छोटा सा कैमरा भी था। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि वह तालिबान के इस दावे की पड़ताल कर रहे हैं।
ऑनर किलिंग: युवक की हत्या
छह दिन पहले गायब हुए एक युवक का शव पुलिस ने जेसीबी की मदद से एक बाग से खोदकर निकाला है। नामजद परिवार की युवती से राजू का प्रेम प्रसंग बताया जाता है। दोनों के बीच निकाह की बात भी हो गई थी।
मुख्य आरोपी के ममेरे भाई की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस ऑनर किलिंग को पहलू मानकर मामले की पड़ताल कर रही है। घटना उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की है।
गांव मलकपुर निवासी राशिद कुरैशी का 21 वर्षीय पुत्र वसीम उर्फ राजू एक फरवरी को गायब हो गया था। परिजनों ने अपहरण कर हत्या की आशंका जताते हुए छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।