भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने मेरठ के विजयशंखनाद रैली में कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मेरठ बलिदानियों की धरती है लेकिन कांग्रेस ने 1857 की क्रांति की गाथाओं को दबा दिया।
मोदी ने कहा कि इस ऐतिहासिक धरती को क्या विकास का अधिकार नहीं है। यहां रेल, एयरपोर्ट, कारखाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत नहीं है?
कांग्रेस और सपा-बसपा की लड़ाई ने इस क्षेत्र को पीछे कर दिया। क्या कारण है कि यहां के गन्ना किसानों को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है। गन्ना किसानों के बहाने मोदी ने राज्य की सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
बिखरने की कगार पर आप सरकार, विधायक हुए बागी
लगता है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिन अच्छे नहीं चल रहे हैं। पहले नेताओं को भ्रष्ट कहे जाने के मामले में केजरीवाल के पास नोटिसों की झड़ी लग गई तो वहीं सरकार को समर्थन दे रहे शोएब इकबाल ने भी बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए।
दिल्ली में जेडीयू के इकलौते विधायक शोएब इकबाल ने केजरीवाल को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। शोएब इकबाल ने दावा किया है कि पांच अन्य विधायक भी उनके साथ हैं।
विनोद कुमार बिन्नी और शोएब इकबाल ने कहा कि अगर पार्टी हमारी मांगों पर विचार नहीं करेगी तो वह पार्टी को गिरा देंगे।
AAP फिर जारी करेगी भ्रष्टों की सूची
तमाम राष्ट्रीय नेताओं को ‘भ्रष्ट सूची’ में डालकर निशाने पर आई आम आदमी पार्टी ने कहा है कि वह राज्य स्तर पर भी भ्रष्ट, आपराधिक एवं वंशवादी पृष्ठभूमि वाले नेताओं की सूची जारी कर उनके खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारेगी।
महाराष्ट्र में आप के वरिष्ठ आप नेता सुभाष वारे ने कहा, हम राज्य स्तर पर नेताओं की सूची जारी करेंगे।
अलग-अलग राज्यों में ऐसे कई नेता हैं जिनके नाम पार्टी ने घोषित नहीं किए हैं लेकिन वे भ्रष्टाचार-राजनीति के अपराधीकरण और वंशवादी राजनीति के प्रतीक हैं।
लोकसभा से पहले जेडीयू में मचा घमासान
दूसरी बार राज्य सभा में भेजने से इनकार किए जाने से खफा जनता दल यूनाइटेड नेता शिवानंद तिवारी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अहंकारी करार दिया है और कहा है कि उनकी पार्टी में उनसे असहमत लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।
जनता दल यूनाइटेड की बिहार इकाई के अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह को भेजे जवाब में तिवारी ने कहा है कि नीतीश कुमार अहंकारी व्यक्ति हैं और सिर्फ ‘मैं’ में विश्वास करते हैं। उनकी हां में हां मिलाने से इनकार करने वालों के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है।
सचिन के बच्चों फेक अकाउंट से मोदी की तारीफ!
सोशल मीडिया में फेक अकाउंट बनने का मसला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बड़े बड़े सेलेब्रिटी के फर्जी अकाउंट के मामले एक के बाद एक सामने आ रहे हैं।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बाद अब एक और हाई प्रोफाइल मामला सामने आया है।
इस बार ट्विटर पर सचिन तेंदुलकर के बेटे-बेटी सचिन और सारा के फेक अकाउंट बनाया गया है और मजे की बात ये है कि इन अकाउंट के जरिए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की तारीफ की गई थी। ये तारीफ 26 जनवरी 2014 को ट्विटर अकाउंट के जरिए की गई थी।
केजरीवाल महिलाओं को इंसान नहीं मानते: मधु भादुड़ी
आम आदमी पार्टी में बगावत के सुर थमते नजर नहीं आ रहे हैं। विधायक विनय कुमार बिन्नी के बाद 'आप' की संस्थापक सदस्य मधु भादुड़ी ने केजरीवाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
भादुड़ी ने कहा कि केजरीवाल सरकार अपने वादों से मुकर गई है। उनकी सरकार में इंसानियत ने दम तोड़ा है। ठंड से लोगों की मौतें हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब केजरीवाल ने 300 रैन बसेरे बनाने का ऐलान किया था तब उन्होंने सुझाव दिया था कि इतनी जल्दी रैन बसेरे नहीं बन पाएंगे। तब तक स्कूलों को ही रात में रैन बसेरे के रूप में प्रयोग में लाया जाए, दिन में पढ़ाई हो। लेकिन उस पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
गुजरात में 11 रुपए कमाने वाला गरीब नहीं!
योजना आयोग के उपाध्याक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया के बाद अब गुजरात की नरेंद्र मोदी सरकार ने गरीबों का मजाक उड़ाया है। उनकी सरकार के अनुसार, अगर गांव में रहने वाला व्यक्ति 11 रुपए और शहर का व्यक्ति 17 रुपए रोज कमाता है तो वह गरीब नहीं है।
राज्य सरकार ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को जारी किए एक पत्र में कहा है कि हर महीन 324 रुपए कमाने वाले ग्रामीण और 501 रुपए कमाने वाले शहरी को गरीबी रेखा से ऊपर रखा जा सकता है।
राज्य सरकार ने 16 दिसंबर को यह पत्र जारी किया था।
रेलवे में निकलीं हजारों नौकरियां
आईटीआई और आईईआरटी से तकनीकी शिक्षा प्राप्त विद्यार्थियों के लिए रेलवे में रोजगार पाने का सुनहरा मौका सामने है। नौकरी की तलाश में भटक रहे बेरोजगार युवकों के लिए रेलवे ने 26667 रिक्त पद घोषित किए हैं।
इसमें असिस्टेंट लोको पायलट, टीआरएस मोटर मशीन, डीजल इलेक्ट्रिकल, कैरेज एंड वैगन, इलेक्ट्रिकल, डीजल मैकेनिकल, फिटर, कारपेंटर, पाइप लाइन फिटर, ब्रिज सारंग, ड्रॉफ्टमैन सिविल जैसे पद हैं। रिक्त पदों के लिए 17 फरवरी तक आवेदन किए जा सकते हैं।
यह पद किसी एक रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) के नही हैं। देशभर में फैले आरआरबी के जरिए इनकी भर्तियां की जाएंगी।
मां ने 2 लाख में बेटी को बेच दिया
शादी के बहाने एक महिला ने अपनी बेटी को दो लाख रुपए में बेचने का मामला प्रकाश में आया है। युवती के शोर करने पर मोहल्ले वालों ने खरीदने आईं महिलाओं को घेर लिया और पिटाई की। इस दौरान दो युवक भाग गए।
सूचना पर पुलिस ने छह महिलाओं को हिरासत में ले लिया। घटना उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र का है।
मझौलीराज में एक महिला ने अपनी सहेली के माध्यम से बेटी का सौदा दो लाख रुपए में मऊ जिले के शहादतपुरा की कुछ महिलाओं से कर दी थी। कुछ दिन पूर्व युवती को दिखाने के लिए उसकी मां और सहेली मऊ लेकर गईं।
ज्वालामुखी फटने से 14 की मौत
इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में सक्रिय एक ज्वालामुखी से निकल रहे गर्म पत्थर और राख की चपेट में आकर आसपास के गांवों में 14 लोग मारे गए हैं।
माउंट सिनाबुंग ज्वालामुखी शनिवार सुबह से ही धधक रहा है जिसकी राख और पत्थर इसके दायरे में आने वाले दो किलोमीटर के क्षेत्र में बरस रहे हैं।
आपात अधिकारी सुटोपो पुरवो नुगरोहो का कहना है कि मारे गए लोगों में चार स्कूली बच्चे और एक शिक्षक भी शामिल हैं।