आम आदमी पार्टी की लोकसभा चुनावों से जुड़ी तैयारियों में रफ्तार लौट आई है और कुछ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। लेकिन इस सारे घटनाक्रम के बीच दिल्ली के राजनीतिक समीकरण भी बदले और अचानक पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की किस्मत खुल गई।
यह साफ दिख रहा है कि अरविंद केजरीवाल आगामी लोकसभा चुनावों पर फोकस करने वाले हैं, ऐसे में आम आदमी पार्टी आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में अपनी कमान मनीष सिसोदिया को सौंप सकती है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगर केजरीवाल लोकसभा चुनावों में किस्मत आजमाते हैं, तो इस बात की काफी संभावनाएं हैं कि सिसोदिया विधानसभा चुनावों में AAP के मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे।
बजट के बहाने मोदी-केजरीवाल पर निशाना
सोमवार को यूं तो वित्त मंत्री पी चिदंबरम बजट पेश कर रहे थे, लेकिन उनका निशाना राजनीतिक लक्ष्यों पर भी था। बजट भाषण की आड़ में उन्होंने नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला।
चिंदबरम ने इस अवसर पर कहा कि प्रशासन का विकल्प 'लोकलुभावन घोषणाएं या व्यक्तिवादी' राजनीति नहीं हो सकती। उन्होंने भरोसा जताया कि लोग यह जिम्मेदारी उसी 'हाथ' को देंगे, जो समानता के साथ के लिए काम करता है।
जाहिर है, हाथ कांग्रेस पार्टी का चुनाव चिन्ह है और चिदंबरम इस बहाने वोट भी मांग रहे थे।
अंतरिम बजट: क्या-क्या हुआ सस्ता?
लोकसभा चुनावों से ठीक पहले वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने लोकसभा में अंतरिम बजट पेश कर दिया है। उन्होंने प्रत्यक्ष करों की दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। वही अप्रत्यक्ष करों में बदलवा के चलते उत्पाद शुल्क में कटौती की गई है।
इससे मध्यम आय वर्ग के लोगों को ही राहत मिलेगी। उत्पाद शुल्क में कटौती से छोटी कारें, एसयूवी कारें, स्कूटर, मोटर साइकिल, साबुन, फ्रिज, टीवी और देश में बनने वाले मोबाइल फोन सस्ते हो जाएंगे।
छोटी कारों और मोटरसाइकिल पर एक्साइज ड्यूटी 12 से घटाकर 8 फीसदी कर दी गई है। एसयूवी पर एक्साइज ड्यूटी 30 फीसदी से घटकर 24 फीसदी हो गई है। बड़ी और मिड सेगमेंट कारों पर 20 फीसदी एक्साइज ड्यूटी लगेगी।
तेजपाल पर चार्जशीटः 7 साल की हो सकती है सजा
यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ़्तार किए तहलका के पूर्व संपादक तरुण तेजपाल के ख़िलाफ़ गोवा पुलिस ने चार्जशीट दाख़िल कर दी है।
तेजपाल अपने ही संस्थान की एक महिला पत्रकार से दुष्कर्म के आरोप में न्यायिक हिरासत में हैं। गोवा पुलिस के एडिशनल डीआईजी ओपी मिश्रा ने बताया, "गोवा पुलिस ने तरुण तेजपाल के ख़िलाफ़ चार्जशीट दाख़िल कर दी है।"
तरुण तेजपाल पर लगाए गए आरोपों में नए आपराधिक क़ानून के तहत बलात्कार का मामला भी शामिल है। ऐसे में उनके लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं।
तेजपाल को 30 नवंबर 2013 को गिरफ़्तार किया था। उन पर आईपीसी की धारा 341 (ग़लत तरीक़े से नियंत्रण), धारा 342 (ग़लत तरीक़े से बंधक बनाना), धारा 354-ए (किसी महिला के साथ यौन दुर्व्यवहार और शीलभंग की कोशिश), धारा 376 (बलात्कार) लगाई है।
थिएटर में सीट पर पैर रखने का झगड़ा, जान गई
थिएटर में गुंडे फिल्म देखने जाना एक युवक को महंगा पड़ गया। सीट को लेकर हुए विवाद की कीमत इस युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। घटना के समय सिनेमा हॉल में मौजूद सभी लोग मूकदर्शक बने रहे।
इंदौर की इस घटना में नेहरु नगर रोड नं. 1 निवासी करण दोस्तों के साथ गुंडे फिल्म देखने एक थिएटर में गया था। उसके एक दोस्त ने बताया कि इंटरवल से थोड़ा पहले पीछे की सीट पर बैठे एक युवक ने करण की सीट पर पांव रख दिया।
करण ने जब इसे लेकर आपत्ति जताई तो पीछे बैठे 8-10 युवकों ने उसे सीट से उठाया और हॉल की लॉबी में ले आए। यहां उन्होंने करण के पेट और जांघ में चाकू मारा। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। इसके बाद उसके दोस्त उसे अस्पताल ले गए, जहां कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहली सूची में आप ने उतारे अपने दिग्गज
दिल्ली में 49 दिन सरकार चलाने वाली आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सत्ता से बाहर होते ही सारा ध्यान लोकसभा चुनावों पर लगा दिया है। अरविंद केजरीवाल के इस्तीफा देने के सिर्फ दो दिन बाद आम चुनावों के लिए संभावित उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी गई।
इस फेहरिस्त में पार्टी के कई दिग्गज नेताओं के नाम हैं, लेकिन इनमें अरविंद केजरीवाल शामिल नहीं हैं। ऐसा माना जा रहा है कि वो भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
लेकिन आम आदमी पार्टी की इस लिस्ट ने कई दिग्गज नेताओं की नींद उड़ा दी होगी, क्योंकि अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने सबसे पहला निशाना बड़े नामों पर लगाया है।
सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका, करें आवेदन
कर्मचारी चयन आयोग यानी एसएससी के माध्यम से सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर सहित समूह बी के विभिन्न पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी।
इन पदों के लिए आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनो तरह से भरा जाएगा। ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 14 फरवरी से बढ़ाकर 24 फरवरी, 2014 कर दी गई है।
इन पदों पर निर्धारित योग्यता रखने वाले भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं।
विज्ञापित पदों में समूह बी के तहत आयकर नीरिक्षक, टेक्स एसीस्टेंट,सीबीआई में सब इंस्पेक्टर, विजीलेंस अधिकारी, सीएजी में डिविजनल अधिकारी, नार्कोटिक्स विभाग में इंस्पेक्टर, प्रवर्तन निदेशालय में सहायक अधिकारी, विभिन्न मंत्रालयों में अपर डिविजन क्लर्क, आदि पद शामिल हैं।
भाजपा और अपना दल में विलय या गठबंधन?
लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही उत्तर प्रदेश में सियासी दल करवट बदलने लगे हैं। भाजपा को यह अहसास हो चला है कि यूपी में मोदी की हवा भले ही हो, लेकिन जातीय समीकरण साधने के लिए उन्हें इस युवा नेता की जरूरत है।
अपना दल की अनुप्रिया पटेल और भाजपा के नेताओं के बीच दोस्ती की बात सबसे ज्यादा चर्चा में है। दोनों तरफ से बातचीत भी हो चुकी है, पर विलय व गठबंधन पर पेंच फंसा हुआ है। भाजपा चाहती है कि अपना दल का उसमें विलय हो जाए। वहीं, अपना दल विलय के बजाय गठबंधन पर जोर दे रहा है।
प्रदेश प्रभारी अमित शाह और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष से भी अनुप्रिया की लंबी बातचीत हुई है। इसमें अनुप्रिया पटेल ने फतेहपुर, फूलपुर और प्रतापगढ़ की सीटें मांगी थी। भाजपा इस पर तैयार भी हो गई थी। बाद में अनुप्रिया की तरफ से मिर्जापुर सीट की भी डिमांड की गई। भाजपा को इस पर भी कोई आपत्ति नहीं थी, पर बात फंस गई गठबंधन व विलय पर।