सीवान की विशेष अदालत ने तीन लोगों की हत्या में दोषी बिहार के बाहुबली नेता और राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इस मामले की सुनवाई के दौरान विशेष अदालत ने बीते 9 नवंबर को शहाबुद्दीन को दोषी करार दिया था।
इस मामले में न्यायाधीश अजय कुमार श्रीवास्तव की बेंच ने शहाबुद्दीन के अलावा राजकुमार साह, आरिफ और शेख असलम को उम्रकैद व दस - दस हजार के जुर्माने की सजा सुनाई गई। मामले में जहां शहाबुद्दीन पर 302 , 201, 364 ए 120 बी के तहत कार्रवाई की गई वहीं तीन अन्य आरोपियों पर दफा 302 व 201 के तहत सजा दी गई।इन सभी पर आरोप था कि इन्होंने अपने प्रतिद्वंदी ओम प्रकाश के समर्थक व्यवसायी चन्द्रकेश्वर प्रसाद उर्फ चंदा बाबू के दो लड़कों गिरीश राज और सतीश राज का अपहरण कर तेजाब से नहलाकर उनकी हत्या की थी और फिर उससे संबंधित साक्ष्य भी मिटाए थे।
बिहार के सिवान लोकसभा सीट से लगातार 4 बार सांसद रहे शहाबुद्दीन ने उनके प्रतिद्वंदी प्रत्याशी ओम प्रकाश यादव के तीन समर्थकों को 16 अगस्त 2004 में अगवा कर लिया था।तीन समर्थकों में से 2 की हत्या शहाबुद्दीन ने 2007 में तेजाब से नहला कर हत्या कर दी थी वहीं तीसरे समर्थक की हत्या 2014 में की गई थी।
सोनिया ने दिया पीएम को जवाब
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर तल्ख लहजे में जवाब दिया है जिसमें उन्होंने कांग्रेस का नाम न लेते हुए कहा था कि कुछ लोग संसद नहीं चलने दे रहे हैं, जो लोकतंत्र की हत्या है।पीएम मोदी के इस बयान पर सोनिया ने कहा कि 'वो जो कह रहे हैं, उन्हें कहने दीजिए।' बताते चलें कि कल पीएम मोदी ने कहा था कि कुछ लोग सोच रहे हैं कि सरकार केवल जीएसटी विधेयक ही पास कराना चाहती है लेकिन कई ऐसे विधेयक भी हैं जो गरीबों से जुड़े हुए हैं और उन्हें भी पारित होना चाहिए।
बताते चलें कि भारतीय जनता पार्टी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर नेशनल हेराल्ड अखबार की संपत्ति गलत तरीके से हड़पने का आरोप लगाया है जिस पर अदालत भी गए हैं। जिस वजह से कांग्रेस संसद के दोनों सदनो में सरकार का विरोध कर रही है। इस मामले में राहुल और सोनिया की पेशी जो 18 दिसंबर को होनी थी, वो 19 दिसंबर को होगी।
कोलकाता पार्क स्ट्रीट रेप केस में सजा
पश्चिम बंगाल की ममता सरकार को वहां की एक अदालत की ओर से करारा झटका मिला है। अदालत ने 2012 में पार्क स्ट्रीट में हुए गैंगरेप पर अपना फैसला सुनाते हुए मामले के तीन दोषियों को 10-10 साल की कैद की सुनाई है। इससे पहले अदालत ने गुरूवार को तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया था।
बताते चले कि इस मामले को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मनगढ़ंत करार दिया था, वहीं जब उनकी बात का खंडन तात्कालीन संयुक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) दमयंती सेन ने किया था तो उन्हें सजा के तौर पर स्थानांतरित कर दिया गया था। इस मामले में सेशन जज चिरंजीव बनर्जी ने तीनों आरोपियों, रूमन खान, नसिर खान और सुमित बजाज पर 1 लाख रूपए का जुर्माना भी लगाया है। 40 वर्षीय पीड़िता दो बच्चों की मां भी थी, जिसके साथ ये हादसा चलती कार में 5 फरवरी 2012 को हुआ था।
भारत-पाकिस्तान के बीच धर्मशाला में मुकाबला
लगातार चल रहे विवादों के बीच भारत और पाकिस्तान के एक साथ क्रिकेट खेलते देखने की इच्छा रखने वालों के लिए खुशखबरी है। दोनों देश अगले साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगे। भारत और पाक के बीच यह मैच अगले साल 19 मार्च को धर्मशाला में होगा।
ने वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी करते हुए सूचित किया है कि इसका सेमीफाइनल जहां दिल्ली में होगा वहीं मुंबई में वर्ल्ड कप का फाइनल खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में टीमें दो ग्रुप में बाटी गई हैं, जिसमें एक ग्रुप में भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल है तो वहीं दूसरे ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैण्ड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका शामिल है।इस टूर्नामेंट के तहत सुपर 10 के लिए क्वालिफाइंग मैच नागपुर और धर्मशाला में खेले जाएंगे।
बुजुर्ग दंपति को पीटने का वीडियो वायरल
चंडीगढ़ में नशे में धुत एक युवक ने बुजुर्ग दंपति को बुरी तरह से पीटा है। बुजुर्ग दंपति शहर में मोबाइल की दुकान चलाते हैं। यहीं के सेक्टर 19 निवासी 58 वर्षीय जोगिंदर पाल अपनी पत्नी संतोष कुमारी (56) के साथ सेक्टर 18 में मोबाइल की दुकान चलाते हैं।
जोगिंदर ने बताया कि रात करीब 10 बजे राजीव नशे की हालत में उनकी दुकान में आया और उनकी पत्नी संतोष पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। जब उसे रोके जाने की कोशिश की गई तो उसने उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। पत्नी को पिटता देख उन्हें बचाने के लिए जैसे ही जोगिंदर आगे आए तो राजीव ने उनकी भी पिटाई कर दी। इस मामले में कार्रवाई चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
देखें वीडियो
दिल्ली में नई डीजल गाड़ियों पर रोक
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने अरविंद केजरीवाल के सम विषम योजना की आलोचना करते हुए कहा कि इस योजना की वजह से लोग गाड़ियों की खरीद बढ़ा देंगे। एनजीटी का कहना है कि इस वजह से गाड़ियों की संख्या बढ़ेगी। एनजीटी ने कहा है कि यह व्यवस्था ठीक नहीं है और न ही प्रदूषण रोकने में सहायक होगी। इसी के साथ एनजीटी ने दिल्ली में किसी भी नई डीजल गाड़ी के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने का आदेश दिया है।
ट्रिब्यूनल ने यह भी कहा कि दिल्ली की सीमा में कोई भी ट्रक खुला हुआ नहीं आएगा। आदेश में कहा गया है कि किसी भी तरह के भवन निर्माण से संबंधी सामान से लदे हुए ट्रक दिल्ली की सीमा में खुले नहीं होने चाहिए। एनजीटी के मुताबिक जो भी ट्रक खुला पाया जाएगा उसे जब्त कर लिया जाएगा। ट्रिब्यूनल ने यह आदेश भी दिया है कि 10 साल से पुरानी डीजल गाड़ियां और 15 साल से पुरानी पेट्रोल गाड़ियां सड़कों पर न चलें।
आंठवें फ्लोर से गिरी युवती, रेप की आशंका
सेक्टर 39 थानांर्तागत, नोएडा सेक्टर 100 स्थित लोटस बॉलीवर्ड अपार्टमेंट की आंठली मंजिल ले गिरकर युवकी की मौत हो गई है। यह घटना गुरूवार देर रात की है। पुलिस के अनुसार जिस हालत में युवती की लाश मिली है उससे यह आशंका जताई जा रही है, उसके साथ रेप किया गया है।पुलिस के अनुसार मृत युवती पंजाब के मुक्तसर की रहने वाली थी और दिल्ली में रह कर बैंक में काम कर रही थी। पुलिस की माने तो वह गुरूवार की रात यहां अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए आई हुई थी।
पुलिस के मुताबिक मामले की जांच के बाद सब साफ हो जाएगा।बताते चले कि यह वही अपार्टमेंट है जहां दिल्ली के स्पेशल सेल एसीपी अमित कुमार ने आत्महत्या की थी और फिर उनकी पत्नी ने भी फ्लैच से छलांग लगा दी थी। इस अपार्टमेंट में इससे पहले भी एमिटी विश्वविद्यालय के छात्रों की हत्या भी हुई थी।
हिमाचल में भारी हिमपात, मैदानों में दिखेगा असर
हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से जहां पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है वहीं इस सीजन की पहली बर्फबारी मनाली में हुई है। हिमाचल में हो रही बर्फबारी की वजह से जहां रोहतांग दर्रा बंद हो गया है वहीं कई गावों में यातायात एवं संचार के सारे माध्यम ठप हो गए हैं। अधिकतर क्षेत्रों में कल देर रात से हो रही बर्फबारी आज भी जारी है। ताजा हिमपात की वजह से लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं और अधिकतर क्षेत्रों में तापमान शून्य के आसपास बना हुआ है।
इस बर्फबारी में अब तक रोहतांग में एक फिट से अधिक की बर्फबारी हुई है वहीं मढ़ी और गुलाबा में क्रमशः 6 और 2 इंच बर्फबारी हुई है। इस बर्फबारी की वजह से प्रशासन भी कोई जोखिम नहीं ले रहा है इसलिए सैलानियों को केवल मढ़ी तक ही जाने की छूट दी गई है। मनाली में हुई सीजन की पहली बर्फबारी का मजा सैलानी खूब उठा रहे हैं। इस बर्फबारी का असर एक-दो दिनों में मैदानी इलाकों में भी देखा जाएगा।