बंगाली फ़िल्म स्टार और तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार देव यह कहकर विवादों में फंस गए हैं कि चुनाव लड़ना बलात्कार होने जैसा है। हालांकि उनके इस बयान के बाद महिला संगठनों और विपक्षी दलों की तीखी प्रतिक्रिया के बाद उन्होंने माफ़ी मांग ली है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एक बंगाली समाचार पत्र ने देव से पूछा था कि क्या पश्चिम बंगाल की घाटाल सीट से चुनाव लड़ने की उन्हें ख़ुशी है।
इस पर उन्होंने कहा, "ख़ुशी।।।! यार, यह एकदम बलात्कार होने जैसा है। आप चिल्ला सकते हैं या आप मज़े ले सकते हैं। यही बात है। इससे ज़्यादा कुछ नहीं। ख़ैर, जब मैं आ गया हूं तो मुझे काम करना ही है।" इस साक्षात्कार में बंगाली फ़िल्मों के इस सुपरस्टार ने कहा कि 80 से 90 प्रतिशत मीडिया का फ़ोकस इस समय घाटाल पर ही है।