बीमार पत्नी की दवा खरीदने के लिए पिता ने अपने दो महीने के बेटे का सौदा महज 700 रुपये में कर दिया। घटना उड़ीसा के मलकनगिरी जिले की है। स्थानीय प्रशासन अब इस परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित करने की तैयारी कर रहा है।
जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की अध्यक्ष संजुक्ता प्रधान ने बताया कि कोरकुंडा ब्लॉक के चित्तापल्ली-2 में रहने वाले सुकुरा मुडुली और उसकी पत्नी धमुसी ने इस साल फरवरी में चित्तापल्ली-3 में रहने वाली आशा कार्यकत्री को अपना बच्चा बेचा था।
सुकुरा ने बताया कि उसके पास पत्नी की दवा खरीदने के लिए रुपये नहीं थे। इसलिए उसे बेटे को बेचने का फैसला लेना पड़ा। इन रुपयों से उसने दवा और 50 किलो चावल खरीदा।
जिलाधिकारी डी प्रशांत कुमार रेड्डी के आदेश पर की गई जांच में पता चला है कि इस दंपति को सरकार द्वारा चलाई जा रही गरीबी सुधार योजनाओं में से किसी का लाभ नहीं मिल रहा था। अभी यह दंपति बेटे की परवरिश करने की स्थिति में नहीं है, इसलिए बच्चे को आशा कार्यकत्री के घर ही रखा गया है।