शारदा घोटाले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक बड़ा झटका लगा है।
केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने शारदा घोटाले में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के राज्य सभा सांसद श्रिंजॉय बोस को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने बोस से करीब पांच घंटों तक पूछताछ की।
सूत्रों के मुताबिक बोस को आज अलीपुर कोर्ट में पेश किया जा सकता है। इसके अलावा सीबीआई ने करोड़ों रुपये के शारदा चिटफंड मामले में पश्चिम बंगाल के कपड़ा मंत्री श्यामापद मुखर्जी और तृणमूल के पूर्व सांसद सोमेन मित्रा से भी पूछताछ की।
सीबीआई ने मुखर्जी को एक सीमेंट प्लांट के शेयर शारदा ग्रुप के प्रमुख सुदीप्तो सेन को बेचे जाने और बंगाली दैनिक के मालिक बोस को सेन के साथ व्यापारिक रिश्तों के बारे में पूछताछ के लिए समन किया था।
सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टि में बोस घोटाले में शामिल होने, आपराधिक साजिश के आरोप, आय से अधिक संपत्ति और गलत तरीके से आर्थिक लाभ पहुंचाने के मामले में शामिल पाए गए है। इसी आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले में राज्य परिवहन मंत्री मदन मित्रा को भी सीबीआई के सामने पेश होना था लेकिन बीमारी के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि शारदा घोटाले में इससे पहले तृणमूल के निलंबित सांसद कुणाल घोष की गिरफ्तारी हुई थी। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय ने श्रिंजॉय बोस के 30 बैंक अकाउंट को सील कर दिया है।