अमरोहा के जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में तिगरी गंगा मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अफसरों को दिशा निर्देश जारी किए। सीसीटीवी कैमरे से श्रद्घालुओं की सुरक्षा की निगरानी की जाएगी। साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
डीएम वेदप्रकाश ने मेले में टेंट, दुकानों को लगाते समय श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने को कहा। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को कांकाठेर रोड तथा माहरका पट्टी रोड की मरम्मत व चौड़ीकरण जल्द कराने के निर्देश दिए। मेले में सफाई व्यवस्था के लिए 100 सफाई कर्मियों की व्यवस्था की गई है। इसे जिला पंचायत अधिकारी देखेंगे।
श्रद्घालुओं की सुरक्षा पर नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में मेले में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मेले के अंतिम छोर तक प्रकाश की उचित व्यवस्था की जाएगी। स्नान घाटों का निर्माण आधुनिक तकनीक से कराने को कहा। मेले में बनने वाले खाद्य पदार्थों की जांच कराई जाएगी।