वृंदावन में गुरुवार रात बांके बिहारी मंदिर के पास बिहारीपुरा में तीन युवकों की मौत हो गई। मरने वाले आकाश, कल्याण, मनोज गांव जहांगीरपुरा, यमुना पार के रहने वाले थे और तीनों बांके बिहारी मंदिर के सेवायत आनंद गोस्वामी यज्ञशाला पर हलवाई का कार्य करते थे।
मंदिर से करीब पचास मीटर दूर आनंद गोस्वामी की यज्ञशाला के एक कमरे में तीनों के शव मिले थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे यज्ञशाला पहुंचे दूसरे कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास, सुबह जब यह नहीं उठे तो दरवाजा तोड़कर देखा गया, तब जाकर घटना का पता चला।
माना जा रहा है कि तीनों ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाकर सोए होंगे और दम घुटने से इनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। काफी संख्या में जहांगीरपुरा से भी लोग पहुंच गए। गुस्साए लोगों तोड़ फोड़ शुरू कर दी। मौके पर खड़ी एक बाइक और स्कूटी में तोड़ फोड़ की। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।