दक्षिण जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने टायर पंचर गिरोह के तीन ऐसे नाबालिगों को पकड़ा है, जिनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये की ज्वैलरी बरामद की गई है। सभी की उम्र 14 से 17 वर्ष है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
दक्षिण जिला डीसीपी छाया शर्मा ने बताया कि हाल ही में टायर पंचर करके गाड़ी से बैग व ज्वैलरी उड़ाने की कई वारदातें सामने आ रही थीं। इस पर स्पेशल स्टाफ में तैनात एसआई जीत सिंह की टीम को जांच सौंपी गई। इसमें पता लगा कि मदनगीर निवासी एक नाबालिग टायर पंचर गिरोह चला रहा है। पुलिस टीम ने पुष्प विहार के सेक्टर-पांच में डीडीए पार्क के पास घेराबंदी कर तीन नाबालिगों पकड़ लिया। ये दिल्ली-एनसीआर में वारदात करते थे।
आरोपी ऐसे वाहन को शिकार बनाते थे, जिसमें ड्राइवर अकेला हो और गाड़ी में बैग आदि रखा हो। रेड लाइट से कुछ पहले ही कील फेंककर ये टायर पंचर कर देते थे। रेड लाइट पर जब गाड़ी रुकती तो चालक को टायर पंचर होने की जानकारी देते थे। चालक जैसे ही गाड़ी से उतरकर टायर देखता था ये सामान उड़ा लेते थे।
बरामद सामान
डायमंड व सोने की 34 अंगूठियां, 10 सोने के कुंडे, 12 सोने की चेन, सात सोने के भारी ब्रेसलेट, एक गोल्ड बेल्ट, एक सिल्वर ट्रे, 30 छोटी सोने की चेन, सोने व चांदी की अन्य ज्वैलरी और एक बाइक।