मथुरा में फरह के नगला चंद्रभान स्थित दीनदयाल धाम में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले एसएमएस के जरिए पीएम को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस मामले में पुलिस ने कई टीम गठित करते हुए धमकी देने वाले के भाई को नौहझील से हिरासत में ले लिया है। मोदी की 25 मई को दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली पर जनकल्याण सभा होनी है।
मोदी की रैली से पहले उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई तो सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। एसएसपी ने चार टीम गठित कर एसएमएस करने वाले का पता लगाने को कहा। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में एसएमएस भेजने वाले की तलाश में छह से अधिक स्थानों पर दबिश दी। देर रात पुलिस टीम ने धमकी भरे एसएमएस भेजने वाले को ट्रैस कर लिया और परिवारीजनों से पूछताछ की जा रही है।
धमकी भरा एसएमएस भेजने वाला रामवीर फरार हो गया है। उसके भाई लक्ष्मण को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। रामवीर की ओर से आए एसएमएस में लिखा गया था कि मुझे जीने की तमन्ना नहीं है। प्रधानमंत्री की रैली में सरकार को मेरी चुनौती है। प्रधानमंत्री को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसके बाद उसने अपनी आइडेंटिटी के तौर पर आरवीएस लिखा। यह एसएमएस 21 मई की उसने कुछ साथियों को भेजा।
मैसेज मिलते ही हरकत में आई पुलिस
21 मई की रात को यह मैसेज किसी तरह एसएसपी डा. राकेश सिंह को मिला। मैसेज के बाद पुलिस अधिकारी हरकत में आ गए और मोबाइल की लोकेशन आदि ली। मोबाइल बंद होने से लोकेशन नहीं मिली। मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी आईडी निकलवाई। एसएसपी डा. राकेश सिंह ने 22 मई को इस मामले में एसपी सिटी शैलेश पांडेय के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम को लगाया।
टीम ने थाना नौहझील के गांव नावली में ओंकार सिंह के घर दबिश दी। बताया गया कि जिस मोबाइल से प्रधानमंत्री को बम से उड़ाने की धमकी दी गई उसे नावली निवासी रामवीर सिंह पुत्र ओंकार प्रयोग कर रहा था। एसपी सिटी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच ने नावली में दबिश दी। दबिश से पूर्व रामवीर सिंह भाग निकला। पुलिस रामवीर के परिवार के लक्ष्मण को हिरासत में लेकर दबिश दे रही है। देर रात कोसी में कई स्थानों पर दबिश दी गई।
‘थाना नौहझील के गांव नावली निवासी रामवीर सिंह ने प्रधानमंत्री की सभा में बम से उड़ाने की धमकी देने का मैसेज किए थे। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद जा रहा था। शनिवार रात्रि उसे ट्रेस कर लिया गया है। उसके घर दबिश दी है। रामवीर घर से फरार है। वह भट्टे पर काम करता है और शराबी व शरारती है। पुलिस टीम उसे पकड़ने को दबिश दे रही है, शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’
-डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी
पहले भेजे किडनी, लीवर, आंख दान करने के मैसेज
जिस मोबाइल नंबर से मैसेज कर रामवीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बम से उड़ाने की धमकी दी उसी नंबर से उसने 11 मई को एसएसपी को एक जरूरत मंद के लिए लिवर, किडनी व आंख दान करने की अपील की।
इसके अलावा उसी नंबर से 14 मई को को लिखा कि ऊं भारत मानव सत्य को नहीं मानेगा तो विनाश जारी रहेगा। विज्ञान भी उसे रोक नहीं सकेगा। यह मेरा वादा है। आगे वही होगा जो किसी ने नहीं सोचा होगा। मोबाइल के इन बॉक्स में एसएसपी ने जब प्रधानमंत्री को बम से उड़ाने वाली धमकी देने वाले नंबर को ट्रैस कर अपने मोबाइल के इनबॉक्स में देखा तो उस नंबर से उनके मोबाइल में भी दो मैसेजे मिले जो किडनी आदि को लेकर अपील के थे।
प्रधानमंत्री को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले सिरफिरे युवक ने निकटवर्ती गांव सामंता गढ़ी के युवक के नाम की आईडी पर सिम जारी कराई थी। बताया गया कि जिस सिम से धमकी भरा एसएमएस भेजा गया वह राजवीर सिंह के नाम है। वह इन दिनों पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करने गया है। पहले पुलिस ने उसके घर दबिश दी। बाद में गांव के लोगों को उस नंबर के बारे में बताया तो पता चला कि वह नंबर तो रामवीर का है। रामवीर निकट ही ईंट भट्टे पर मुनीम है।
भाजपा को आयोजन में खलल का अंदेशा
पीएम नरेंद्र मोदी 25 मई को मथुरा आ रहे हैं। उनके आगमन के दौरान कुछ सूचनाएं खुफिया एजेंसियों के साथ भाजपा को भी परेशान कर रही हैं। इसमें यमुना का मुद्दा, जाट आरक्षण और ओलावृष्टि का प्रभाव है, जो रंग में भंग डाल सकता है।
नगला चंद्रभान स्थित दीनदयालधाम में केंद्र सरकार के जश्न में खलल पड़ने का अंदेशा खुद खुफिया एजेंसी जता रही हैं। इसका कारण ओलावृष्टि से बुरी तरह प्रभावित जनपद में अब तक मुआवजे का वितरण न होना, यमुना के लिए यहां लंबे समय से आंदोलन की भूमिका और जाट आरक्षण का निरस्त होने पर बताया जा रहा है।
शनिवार को नगला चंद्रभान के निकटवर्ती गांवों की महिलाओं ने बिजली, पानी और सड़क के लिए जनसभा मंच स्थल के निकट भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी को घेर भी लिया था। इस स्थिति के लिए लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने महिलाओं को आड़े हाथ लेते हुए षड्यंत्र का हिस्सा भी बताया था। बाद में इसके लिए उन्होंने जनपद के एक आलाधिकारी की जमकर क्लास लगाते हुए ऐसी स्थिति जानबूझ कर पैदा करने की भी बात कह डाली।
समस्या यातायात में भी पैदा होने जा रही है। जनसभा स्थल तक आवागमन का मुख्य मार्ग फरह रेलवे हाल्ट स्टेशन रहेगा। जिससे एक साथ हजारों वाहनों का गुजरना समस्या खड़ी कर सकता है।