सेंट्रल जेल नैनी के अधीक्षक केदारनाथ को बुधवार शाम किसी ने फोनकर धमकी भरे लहजे में कहा कि जेल में बम रखा है। कुछ ही देर में विस्फोट में जेल तबाह हो जाएगी।
अधीक्षक से सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स और बम डिस्पोजल स्कवॉयड के साथ पहुंचे अफसरों ने जेल को खंगाल डाला लेकिन वहां बम था ही नहीं।
फोन करने वाले ने कहा कि वह पाकिस्तान से बोल रहा है। तब से मोबाइल नंबर स्विच ऑफ है। पुलिस का कहना है कि नंबर लोकल है और ज्यादा आशंका इस बात की है कि किसी ने शरारतन फोन से ऐसी बात कही थी।
बुधवार शाम चार बजे सेंट्रल जेल नैनी के अधीक्षक केदारनाथ के फोन की घंटी बजी। उन्होंने हैलो कहा तो फोन करने वाला बोला, नैनी जेल के भीतर बम रखा है। कुछ देर में ही बम फटने वाला है। सब मारे जाएंगे। इतना कहने के बाद फोन कट गया।