पूर्ववर्ती सरकारों की तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की रेल बजट में उपेक्षा नहीं होगी। इस बार रेल बजट पश्चिमी यूपी वालों को सुखद अहसास कराएगा। यह बातें मंगलवार को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने सर्किट हाउस में कहीं।
उन्होंने कहा यूपीए सरकार ने रेल बजट में यूपी को एक हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं दी थीं, लेकिन मोदी सरकार ने पहले ही रेल बजट में यूपी को 4250 करोड़ रुपये की परियोजना का तोहफा दिया था।
इस बजट में भी यूपी के हिस्से बहुत कुछ आने वाला है। जल्द ही मेरठ-दिल्ली के बीच ईएमयू सेवा शुरू की जाएगी। इससे पहले हापुड़ और दिल्ली के बीच ईएमयू चलाई जाएगी।
यूपी में चल रहा गुंदा राज
प्रदेश सरकार की कार्यशैली के बारे में पूछने पर कहा कि प्रदेश में पुलिस का नहीं गुंडों का राज चल रहा है। हर तरफ लूट और तानाशाही है। 2017 के विधानसभा चुनावों में जनता सपा को हिंद महासागर के पार पहुंचा देगी।
केंद्र सरकार से किसानों के खफा होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने शपथ लेते ही किसान और गरीब के उत्थान का संकल्प लिया था। सरकार दोनों वर्गों के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों के लिए फसल बीमा, मिट्टी जांच स्वास्थ्य कार्ड के अलावा फसल नुकसान के मुआवजे और उसके दायरे को बढ़ाया गया है।
गरीबों के लिए जनधन योजना के अलावा पीएम मुद्रा लोन स्कीम चलाई गई है। इस मौके पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शिवकुमार, महानगर सुरेश जैन रितुराज, अश्वनी त्यागी, हर्ष गोयल, नरेश गुर्जर, नीरज जिटौली, आलोक सिसौदिया, विनीत अग्रवाल शारदा मौजूद रहे।