सूबे में बिजनौर सहित 20 जनपदों का पानी जहरीला हो गया है। इन जिलों के ग्राउंड वाटर में आर्सेनिक तत्व मिला है। लोकसभा की प्राक्कलन समिति ने सर्वे रिपोर्ट का गहन अध्ययन करने के बाद इन यूपी के 20 जनपदों में पत्तेदार सब्जियों की बुआई नहीं करने की सलाह दी है। इस संबंध में राज्य औद्यानिक मिशन उत्तर प्रदेश को भी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
राज्य औद्योनिक मिशन उत्तर प्रदेश की ओर से जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बरेली, बस्ती, चंदौली, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, रायबरेली, संतक बीरनगर, शाहजहांपुर, सिद्धार्थ नगर, संत रविदास नगर, उन्नाव जनपदों में ग्राउंड वाटर में आर्सेनिक बड़ी मात्रा में मिला है।
आर्सेनिक तत्व का प्रभाव सबसे ज्यादा पत्तेदार सब्जियों पर होता है। खाद्य श्रृंखला में पत्तेदार सब्जी आर्सेनिक प्रदूषण के प्रति अधिक संवेदनशील होती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अर्सेनिक युक्त पानी या सब्जी का इस्तेमाल करने से कैंसर, हार्ट अटैक, फेफड़ा, त्वचा संबंधी बीमारी हो सकती है।