राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई दूसरे गणमान्य व्यक्ति इस बार मिठास, सुगंध और छोटी गुठली के लिए विश्वविख्यात बिहार की शाही लीची के स्वाद से वंचित रह जाएंगे। हालांकि इसका कारण राजनीतिक नहीं है बल्कि लीची की फसल में अचानक छोटे-छोटे कीड़े लग गए हैं।
मुजफ्फरपुर के डीएम अनुपम कुमार ने बताया कि हर साल राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित अन्य गणमान्य लोगों को शाही लीची भेजे जाने की परंपरा रही है। लेकिन इस बार लीची के फल में कीड़े लग गए हैं और खराब गुणवत्ता के चलते पुरानी परंपरा के अनुसार यहां से भेजी जाने वाली शाही लीची इस बार नहीं भेजी जा रही।
उन्होंने कहा कि इस बारे में राज्य सरकार को सूचित कर दिया गया है। मार्च-अप्रैल में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के चलते लीची की फसल को नुकसान हुआ था।