जम्मू-कश्मीर में पीडीपी-भाजपा सरकार गठन के बाद नए गेम प्लैन पर काम कर रही पाकिस्तान की करतूतों से धीरे धीरे पर्दा उठ रहा है। घाटी में कमजोर पड़ रहे अलगाववादियों को हत्या का डर दिखा कर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई विभिन्न गुटों पर अपने एजेंडे के मुताबिक विलय का दबाव डाल रहा है।
भारतीय खुफिया एजेंसी को मिली जानकारी के मुताबिक आईएसआई ऑल पार्टी हुर्रियत कांफ्रेंस (एपीएचसी) के मीर वाईज उमर फारुक को कट्टरवादी सैयद अली शाह गिलानी गुट के साथ काम करने पर मजबूर कर रहा है।
कश्मीर मामले से जुड़े सुरक्षा एजेंसी के उच्चपदस्थ अधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि आईएसआई मीर वाईज उमर के गुट में अब्दुल गनी बट, बिलाल लोन और मौलवी अब्बास अंसारी जैसे अलगाववादियों के प्रभाव से बुरी तरह नाराज है।