फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने के मामले ने पकड़ा तूल

विज्ञापन
विज्ञापन
अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा शारदा रोड स्थित कार्यालय में नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने का मामला तूल पकड़ रहा है। जिलाधिकारी ने खुद मामले पर संज्ञान लेते हुए जांच कराकर रिपोर्ट देने के आदेश सिटी मजिस्ट्रेट को दिए हैं। वहीं हिंदू महासभा का कहना है कि अपने कार्यालय में प्रतिमा लगाना उनका अधिकार है।
विज्ञापन


अखिल भारतीय हिंदू महासभा द्वारा नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी है। इसके लिए महासभा भूमिपूजन कर चुकी है। इस दौरान महासभा के महामंत्री आचार्य मदन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर अभद्र टिप्पणी भी की थी।

आचार्य मदन ने मोदी पर कसे थे तंज

यही नहीं दो अक्तूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर चलाए गए स्वच्छता अभियान को लेकर आचार्य मदन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसे थे। मामले में आचार्य मदन के खिलाफ मानहानि की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। माहौल को देखते हुए जिलाधिकारी पंकज यादव ने जांच के आदेश दिए हैं।

वहीं दूसरी तरफ हिंदू महासभा के पंडित अशोक शर्मा का कहना है कि गोडसे की प्रतिमा अपने कार्यालय में लगा रहे हैं। ऐसे में विरोध गलत है। वहीं उन्होंने इस संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के बयान पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि वह हिंदू महासभा के इस काम का इतना ही विरोध कर रहे हैं, तो क्यों उनके पिता अंतिम समय तक हिंदू महासभा के साथ रहे।

रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई

"अखिल भारतीय हिंदू महासभा का प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव पूरी तरह शांति भंग करने का प्रयास है। इसकी जांच कराने के साथ ही विधिक राय ली जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"

- पंकज यादव, जिलाधिकारी मेरठ

"यह बात पूरी तरह अतिश्योक्तिपूर्ण है। मेरी जानकारी में ऐसा कुछ नहीं है। यह जरूर है कि नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापना का भाजपा पूरा विरोध करती है और यह दिमागी दिवालियापन का परिणाम है। पुलिस प्रशासन यदि ऐसे लोगों से सख्ती से नहीं निपटता है तो समझा जाएगा कि वह भी इनके साथ हैं।"

- डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा

"यह पूरी तरह मानसिक विकृति का परिचय है। जिस महापुरुष को देश ही नहीं विश्व में पूजा जाता हो, उनके हत्यारे की प्रतिमा लगाना, कोई सामान्य व्यक्ति नहीं कर सकता है।"

- राजेंद्र अग्रवाल, सांसद

आचार्य मदन समेत 16 लोगों को नोटिस

अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री आचार्य मदन समेत 16 लोगों के खिलाफ शुक्रवार को नोटिस जारी हो गए हैं। इन सभी के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 107/116 के तहत दो-दो लाख रुपये की धनराशि में मुचलका पाबंद करने की चालानी रिपोर्ट बनाई गई है। इंस्पेक्टर का कहना है कि सभी लोगों को अपर नगर मजिस्ट्रेट ब्रह्मपुरी की कोर्ट में पेश होकर अपना पक्ष रखना होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। आचार्य मदन के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट में भी जांच शुरू हो गई है।

गौरतलब है कि शारदा रोड, ब्रह्मपुरी स्थित अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यालय पर नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित कराने के लिए बुधवार को भूमि पूजन किया गया था। कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री आचार्य मदन शर्मा ने 30 जनवरी को गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की थी। इस दौरान आचार्य मदन ने अपने बयानों में जहां गोडसे को अमर करार दिया था तो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ उनके सुर तीखे और आपत्तिजनक रहे थे।
विज्ञापन

कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी आलोचना की गई थी। धर्मांतरण के मुद्दे पर भी महासभा द्वारा जल्द अभियान चलाने की बात कही गई थी। एसएसपी ओंकार सिंह द्वारा मामला संज्ञान में लेने के बाद आचार्य मदन और अन्य लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 504, 505 (1) के तहत उप निरीक्षक रितेश कुमार की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इन धाराओं के अनुसार किसी की मानहानि करने के आशय से किसी सम्मानित व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना अपराध होता है।

शुक्रवार को इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी ब्रजमोहन यादव ने बताया कि इस संबंध में 16 लोगों के खिलाफ मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई की जा रही है, जिसमें हिंदू महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री आचार्य मदन, शारदा रोड स्थित हिंदू महासभा कार्यालय के कर्ताधर्ता पंडित अशोक शर्मा, शेखर पंडित, भारत राजपूत और ऋषि कुमार निवासी शारदा रोड, अरविंद शर्मा और अभिषेक अग्रवाल निवासी शिव शक्ति नगर ब्रह्मपुरी, दीपक शर्मा निवासी इंद्रानगर प्रथम ब्रह्मपुरी, संजय गुप्ता निवासी ब्रह्मपुरी, मोंटू निवासी शिवशंकर पुरी ब्रह्मपुरी, हिमालय गोयल निवासी ब्रह्मपुरी, देशबंधु निवासी शारदा रोड ब्रह्मपुरी, बृजराज निवासी सेक्टर एक माधवपुरम, बृजभूषण अग्रवाल निवासी अनाज मंडी, शहर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष द्वारकानाथ चौबे और महंत बाबा तारकेश्वर नंद के नाम हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें