कोई सुनकर यकीन नहीं करेगा, लेकिन यह सच है। बैचलर ऑफ फाइन आर्ट के एक छात्र ने सुई पर पेंसिल से पूरी हनुमान चालीसा लिख दी। छात्र को बचपन से ही चित्र बनाने का शौक है और उसने बड़ा चित्रकार बनने का सपना संजो रखा है।
मूल रुप से रुद्रपुर, उत्तराखंड निवासी मनोज कुमार मनोठिया पल्लवपुरम फेस वन की डबल स्टोरी में किराये पर रहता है। शनिवार को हनुमान जयंती है। इस दिन कुछ नया करने की सोचते हुए मनोज ने सुई के ऊपर पेंसिल से हनुमान चालीसा लिख दी।
मनोठिया ने बताया कि यह पहली बार हुआ है और वह चाहता है कि यह गिनीज बुक में शामिल हो। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में मनोज ने बताया कि वह एमएफ हुसैन की तरह बड़ा चित्रकार बनना चाहता है। चित्र बनाने का तो बचपन से ही शौक है, लेकिन 2007 से ऐसे कई चित्र बनाए, जिनसे इनाम भी मिला।