मनियर थानाक्षेत्र के मैरीटार गांव में शुक्रवार रात दूल्हे के रुपये न गिन पाने पर दुल्हन ने उसे अनपढ़ बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी और बारात बिना दुल्हन के रात में ही लौट गई।
मैरीटार गांव निवासी राजकुमार बिंद की लड़की गुड़िया की शादी बिहार के बक्सर जिले के छोटका राजपुर निवासी वीरेंद्र बिंद के पुत्र मनोज कुमार से तय थी। शुक्रवार रात बारात दरवाजे पर आई। द्वारपूजा के बाद दूल्हा और दुल्हन ने जयमाला की रस्म पूरी की। वैदिक मंत्रों के साथ शादी संपन्न कराई जा रही थी।
केवल सात फेरे लेने ही बाकी थे। इसी दौरान दुल्हन की सहेलियों ने दूल्हे मनोज कुमार से मजाक करते हुए कुछ रुपये देकर गिनने के लिए कहा। दूल्हा ठीक से गिन नहीं पाया और उस वक्त उसके हावभाव भी अजीब से हो गए। यह देख दुल्हन नाराज हो गई।
उसने दूल्हे को अनपढ़ बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। बाराती पक्ष के कुछ बुजुर्ग लोगों ने शादी कराने की पूरी कोशिश की, लेकिन लड़की को राजी नहीं कर पाए। आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।