चुनाव आयोग ने आज दो राज्यों जम्मू-कश्मीर और झारखंड में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए आयोग ने सभी इंतजाम किए हैं। पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों और पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है। दोनों ही राज्यों में मतदान पांच चरणों में कराया जाएगा। दिल्ली की तीन विधानसभा सीटों पर भी पहले चरण में 25 नवंबर को ही उपचुनाव होगा।
जिन पांच चरणों में चुनाव होना है वो तारीखें हैं, 25 नवंबर, 2 दिसंबर, 9 दिसंबर, 14 दिसंबर और आखिरी चरण 20 दिसंबर को होगा। सभी जगह वोटों की गिनती एक साथ 23 दिसंबर को होगी।
चुनाव आयोग के मुताबिक सभी राज्यों में नोटा का विकल्प होगा। चुनाव आयोग का कहना है कि सभी उम्मीदवारों को सभी कॉलम भरना जरूरी होगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक अगर सभी कॉलम नहीं भरे तो उनका पर्चा खारिज भी किया जा सकता है।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आज से आचार संहिता को लागू कर दिया गया है। गौरतलब है कि 87 सदस्यीय जम्मू-कश्मीर विधानसभा 19 जनवरी 2015 को समाप्त हो रही है जबकि 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा तीन जनवरी 2015 को समाप्त हो रही है।
दिल्ली की तीन सीटों पर उपचुनाव की घोषणा से ये संकेत भी मिले हैं कि चुनाव आयोग दिल्ली में सरकार गठन न होने के बावजूद फिलहाल फिर से चुनाव कराने के मूड में नहीं है।
जम्मू-कश्मीर में फिलहाल चुनाव कराने का नेशनल कॉन्फ्रेंस ने विरोध किया है। पार्टी ने कहा कि बाढ़ के बाद बुरे दौर से गुजर रहा राज्य फिलहाल चुनाव के लिए तैयार नहीं हैं। वहीं बीजेपी ने चुनाव कार्यक्रम का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी दोनों ही राज्यों में शानदार कामयाबी हासिल करेगी।