ट्रायल के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जाने को परेशानी बताने पर सुप्रीम कोर्ट ने अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव को फटकार लगाई है।
उच्चतम न्यायालय ने बबलू से कहा कि अलग-अलग जगहों पर सात हत्या का आरोप लगा है और अब आपको देश की सड़कें खराब लग रही हैं।
55 साल के बबलू श्रीवास्तव ने याचिका दाखिल कर यूपी से बाहर चल रहे मामलों का ट्रायल वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कराने का निर्देश देने की गुहार की थी।
उसका कहना था कि पिछले 21 वर्षों में मुकदमों के सिलसिले में उसे हजारों किलोमीटर इधर-उधर ले जाया जा चुका है। ऐसे में बेहतर होगा कि ट्रायल वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हो।
न्यामयूर्ति टीएस ठाकुर की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने बबलू को किसी तरह की राहत देने से इनकार करते हुए उचित कोर्ट के समक्ष याचिका दाखिल करने के लिए कहा है। पीठ ने कहा कि राहत न मिलने की स्थिति में वह सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकता है।