नवरात्र के मौके पर जम्मू और कटड़ा में होने वाले महोत्सव पर इस बार नारियल बम का खतरा बना हुआ है।
26 सितंबर को कठुआ और हीरानगर में आतंकी हमले के दूसरे दिन जिले में मिले हथियारों के बीच नारियल बम बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां एक बार फिर सतर्क हो गई हैं।
साथ ही सेना को भी अलर्ट किया गया है। आशंका है कि नारियल में बम से मंदिरों में नवरात्रों के दौरान आतंकी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
सार्वजनिक स्थल, छोटे मंदिर या अन्य पूजा सामग्री के बहाने अब आम जनता को निशाना बनाने की साजिश हो सकती है। हालांकि कटड़ा के प्रतिष्ठित मंदिर श्री माता वैष्णो देवी, जम्मू के बावे वाली माता, महामाया मंदिर, कौल कंडोली मंदिर के अंदर नारियल ले जाने पर पहले से ही प्रतिबंध है।
हाल के दिनों में आतंकी हमलोें के बाद नवरात्र के मौके पर श्री माता वैष्णो देवी, महामाया मंदिर, बावे वाली माता मंदिर, सुकराला माता मंदिर के अलावा जम्मू के सभी प्रमुख मंदिरों की पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इन मंदिरों में आतंकी हमले की संभावना को लेकर सुुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। साथ ही सेना को भी अलर्ट किया गया है। लगातार घुसपैठ के प्रयास, सांबा व हीरानगर में आतंकी हमले और भारत पाक सीमा पर घुसपैठियों से मुठभेड़ की अचानक घटनाएं बढ़ने के कारण विशेष एहतियात बरती जा रही है।
कटड़ा में है ज्यादा खतरा
खासकर कटड़ा में देश भर से उमड़ने वाले भक्तों के सैलाब, हर जगह जगराते और मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ के कारण सेना और अर्द्धसैनिक बलों को भी सतर्क किया गया है।
कटड़ा व आसपास क्षेत्र में विशेष तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जंगलों में भी सेना का तलाशी अभियान जारी है। कटड़ा की आसपास पहाड़ियों पर सेना को तैनात किया गया है।