पाकिस्तान के पेशावर में आतंकी हमले के बाद जहां हर तरफ इसकी कड़ी भर्त्सना हो रही है, वहीं हमला करने वाले पाकिस्तान तालिबान के आतंकी इसे अपने परिवार पर हुए हमले का बदला बता रहे हैं। आंतकियों का कहना है कि सेना ने उनके भाइयों पर हमला किया जिसका बदला इस रूप में लिया गया है।
वहीं पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि आतंकियों की इन हरकतों से हम रुकने वाले नहीं हैं, न ही आतंकवादियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई बंद की जाएगी। शरीफ ने कहा यह हमला मेरे बच्चों पर हमला है। शरीफ ने मुसीबत की इस घडी में पूरे देश से एकजुट होने की अपील की है।
वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ पेशावर रवाना हो गए हैं। पेशावर में एक आर्मी स्कूल पर हुए चरपमंथी हमले में 100 से ज़्यादा बच्चों की मौत हो गई है। तालिबान ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है। नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बीच वे इस्लामाबाद में बैठे नहीं रह सकते।
उन्होंने कहा कि वे पेशावर में आतंकवादियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की ख़ुद निगरानी करेंगे। नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि पेशावर का हमला एक राष्ट्रीय आपदा है। उन्होंने कहा- इन हमलों में मेरे बच्चों को निशाना बनाया गया है।