ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) स्थित सुपरटेक के प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक कराने वाले खरीदारों को शनिवार को राहत मिल गई। सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में हुई बैठक में कंपनी ने दस फीसदी भुगतान कर चुके खरीदारों का आवंटन रद्द न करने की बात कही है।
शनिवार दोपहर सेक्टर 19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में बैठक करीब चार बजे से साढ़े छह बजे तक चली। सिटी मजिस्ट्रेट पुष्पराज सिंह ने बताया कि सुपरटेक ने दस फीसदी भुगतान कर चुके खरीदारों का आवंटन रद्द न करने का आश्वासन दिया है।
हालांकि कंपनी ने यह भी कहा है कि अक्तूबर, 2010 के बाद जिन लोगों ने फ्लैट बुक कराया है, उनके दस प्रतिशत भुगतान में बेसिक कीमत के साथ-साथ सर्विस टैक्स (3.09 प्रतिशत) भी जुड़ेगा। अगर कुल भुगतान दस प्रतिशत से कम होता है तो फ्लैट कैंसिल कर दिया जाएगा।
इस पर नोएडा एक्सटेंशन फ्लैट ओनर्स एंड मेंबर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ऐतराज जताया। उनकी मांग है कि ऐसे आवंटियों का फ्लैट आवंटन रद्द करने के बजाय सर्विस टैक्स लिया जाए। हालांकि बैठक में इस मुद्दे पर सहमति नहीं बनी। इसके लिए दोबारा बैठक होनी है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि शाहबेरी के प्रोजेक्ट में पैसा लगा चुके खरीदारों को सुपरटेक के दूसरे प्रोजेक्ट्स में शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही बैंक से लोन जारी होने तक खरीदारों से ब्याज का भुगतान नहीं मांगा जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि दुर्गा पूजा के बाद नेफोमा, खरीदारों और कंपनी अधिकारियों की दोबारा बैठक होगी।
बैठक में कंपनी की ओर से डायरेक्टर योगेश गोस्वामी, नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान, देवेंद्र कुमार, विजय त्रिवेदी, रश्मि पांडेय, गौरव अग्रवाल, राजन मिश्र सहित खरीदारों के 11 प्रतिनिधि शामिल रहे। मालूम हो कि शुक्रवार को खरीदार फ्लैट रद्द करने के मुद्दे को लेकर सुपरटेक के सेक्टर 58 स्थित कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं।