तहलका पत्रिका के पूर्व संपादक तरुण तेजपाल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला पत्रकार की मां ने मंगलवार को पुलिस में केस वापस लेने का दबाव बनाने की लिखित में शिकायत दी है।
इस बीच तेजपाल की बेटी पीड़िता के घर जा धमकी और वहां मौजूद परिजनों से पूछा कि उनकी बेटी किसके दबाव में उसके पिता के खिलाफ ऐसा कर रही है। इस बात को टेबल पर आमने सामने बैठकर भी सुलझाया जा सकता है।
पीड़िता की मां ने पांडव नगर थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि परिजनों ने तेजपाल की बेटी पर धमकाने का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पढ़ें:- तेजपाल पर शिकंजा कसा, देश छोड़ने पर रोक
तरुण तेजपाल सहकर्मी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद से फरार हैं। अदालत ने उनकी अंतरिम जमानत की याचिका भी खारिज कर दी।
ऐसे में पिता को घिरता देखकर तेजपाल की बेटी पीड़िता के मयूर विहार स्थित घर पहुंच गई। वहां उसने पीड़िता के परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने और पूरे प्रकरण में किसका हाथ है, इसका पता लगाने का प्रयास किया। उसने परिवार पर केस वापस लेने का भी दबाव बनाया। नाराज परिजनों ने उसे घर से चले जाने के लिए कहा।
पढ़ें:- तेजपाल और प्रबंधन पर 5 गंभीर आरोप
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे पीड़िता की मां पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाने पहुंची। वहां उन्होंने पूरे मामले की लिखित में शिकायत दी। मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थाने पहुंच गए।
पीड़िता की मां ने अपना बयान भी दर्ज कराया। परिवार ने सुरक्षा की भी गुहार लगाई। मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पीड़िता की मां द्वारा दिए गए बयानों की जांच की जा रही है। छानबीन के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।