फेसबुक पर ज्यादा लाइक कमाने के इरादे से खींची जा रही सेल्फी एक लड़के को इतनी मंहगी पड़ी कि उसकी जान चली गई।
हुआ यूं कि छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के केतल पोद्दार ने मालगाड़ी पर खड़े होकर सेल्फी खिंचने की सोची। लेकिन इस सेल्फी के चक्कर में रेलवे ट्रैक से ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार उसे छू गया।
केतन 9वीं का छात्र है और बिलासपुर जिले के वैशाली नगर का रहने वाला है। केतन के पिता रेलवे में ही नौकरी करते हैं।
रविवार शाम केतन अपने दोस्तों के साथ ऊसलपुर सब-स्टेशन घूमने गया था। उसके दोस्तों के मुताबिक केतन ने कुछ दिन पहले भी फेसबुक पर एक तस्वीर डाली थी जिसमें वह उसी तरह की एक मालगाड़ी की छत पर बैठा हुआ था। दोस्तों के मुताबिक उस तस्वीर पर केतन को बहुत सारे लाइक और कमेंट मिले थे।
केतन की प्रोफाइल के हिसाब से उस पोस्ट पर केतन को 412 लाइक और 140 कमेंट मिले थे। इस पोस्ट पर कई लोगों ने कहा कि काश इससे और बेहतर पोज दे पाते।
घटनास्थल पर मौजूद एक रेलवे कर्मचारी के अनुसार केतन ने उस मालगाड़ी पर बैठकर कई तस्वीरें खींचीं। इसके बाद वह मालगाड़ी की छत पर चढ़ गया। लेकिन हाथ ऊपर कर के पोज देते वक्त उसने बिजली के तार को छू दिया और बिजली का झटका लगने की वजह से केतन की वहीं मौत हो गई।
घटना से सदमें में आकर केतन के दोस्तों ने इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। सारे दोस्त चुपचाप अपने-अपने घर लौट गए। पूरा मामला उस वक्त सामने आया जब पुलिस को केतन की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली और उन्होंने केतन के दोस्तों से पूछताछ की।