वरिष्ठ राजनयिक टीसीए राघवन पाकिस्तान में भारत के नये उच्चायुक्त होंगे। वह वर्तमान उच्चायुक्त शरत सभरवाल का स्थान लेंगे।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, राघवन जल्द ही इस्लामाबाद में कार्यभार ग्रहण करेंगे। वह पाकिस्तान में वर्ष 2003 से 2007 तक उप उच्चायुक्त की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
राघवन की उच्चायुक्त के रूप में नियुक्ति उस समय हुई है जब पाकिस्तान में आम चुनाव के बाद नवाज शरीफ प्रधानमंत्री बने हैं।
शरीफ की सरकार बनने से दोनों देशों के बीच दोस्ताना संबंध और आपसी समझदारी बढ़ने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। 1982 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी राघवन इस समय सिंगापुर में उच्चायुक्त हैं।
वह ब्रिटेन, कुवैत और भूटान में भी नियुक्त रहे हैं। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय से इतिहास में डॉक्टरेट की उपाधि अर्जित करने वाले राघवन पाकिस्तानी मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं।