केंद्र सरकार की ओर से 15 महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश संबंधी नियमों को उदार बनाने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध स्वदेशी जागरण मंच ने आपत्ति जताई है। मंच ने नियमों को उदार करने पर रोष प्रकट करते हुए इन्हें ठंडे बस्ते में डालने को कहा है। मंच ने इस मुद्दे पर सरकार की ओर से हड़बड़ी में काम करने का आरोप लगाया है।
मंच के अखिल भारतीय संयोजक अश्विनी महाजन ने कहा, ‘एसजेएम का मानना है कि अर्थव्यवस्था के बड़े क्षेत्रों के लिए प्रत्यक्ष विदेशी निवेश नियम आसान करने का सरकार का मौजूदा फैसला जल्दबाजी में लिया गया है और इस निर्णय के भले और बुरे के बारे में नहीं सोचा गया है।’ उन्होंने कहा कि यह देखना कष्टदायक है कि मौजूदा सरकार इस दिशा में पिछली यूपीए सरकार की नीतियों का अनुसरण कर रही है।