कांग्रेस की छात्र ईकाई एनएसयूआई के मुंबई अध्यक्ष सूरज ठाकुर को एक समारोह में 'डर्टी डांस' करने के बाद पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सूरज ठाकुर कांग्रेस पार्टी के एक आयोजन में शराब पीने के बाद बदन पर बिना कपड़ों के नाच रहे थे और आपत्तिजनक व्यवहार कर रहे थे।
यह घटना उस समय हुई है जब कांग्रेस खुद अपने नेताओं की वजह से परेशानियों से गुजर रही है। फिलहाल, इसके दो टॉप मंत्री अश्विनी कुमार और पवन बंसल आरोपों से घिरे हुए हैं।
कानून मंत्री अश्विनी कुमार पर सीबीआई ने अपने हलफनामे में कोलगेट रिपोर्ट में कुछ बदलाव करवाने का आरोप लगाया है। वहीं रेलमंत्री पवन कुमार बंसल अपने भांजे की करतूतों के बाद आरोपों से घिरे हैं।
कांग्रेस के लिए नई परेशानी लेकर आए सूरज ठाकुर उस समय चर्चा में आए थे जब 2011 के मई महीने में उन्होंने राजीव गांधी के हत्यारे एजी पेरारीवालन की किताब लॉन्च होने पर विरोध प्रदर्शन किया था। एनएसयूआई ने अपने फेसबुक पेज पर सूरज ठाकुर के व्यवहार की निंदा की है।