अनुच्छेद-370 पर छिड़ी बहस के बीच नरेंद्र मोदी का ऐसी महिला ने समर्थन किया है, जिसे वे '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड' कहकर मुसीबत मोल ले चुके हैं।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर थरूर ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में संपत्ति के मामलों में महिलाओं के साथ अब भी भेदभाव होता है।
एक टीवी चैनल के साथ हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर राज्य की महिलाएं दूसरे राज्य के पुरुषों के साथ विवाह करतीं हैं तो उनके साथ भेदभाव होता है और कोई कहता है कि उसके साथ ऐसा नहीं होता तो वह झूठ बोल रहा है।
सुनंदा पुष्कर मूल रूप से कश्मीर की रहने वाली हैं। नरेंद्र मोदी ने पिछले साल हिमाचल प्रदेश की एक चुनावी रैली में सुनंदा पुष्कर को शशि थरूर की '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड' कहा था।
जानिए, क्या है संविधान की धारा- 370?
गौरतलब है कि हाल ही में जम्मू में एक रैली में मोदी ने कहा था कि इस बात पर बहस करने के जरूरत है कि अनुच्छेद 370 से राज्य के लोगों को लाभ हुआ है या नहीं।
मोदी के बयान के बाद राजनीतिक हलकों में अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर घमासान छिड़ गया है।
केंद्रीय मंत्री और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि मोदी 10 बार भी प्रधानमंत्री बन जाएं तो वे अनुच्छेद 370 को हटा नहीं सकते।
सुनंदा ने बताया अपना अनुभव
वहीं, सुनंदा पुष्कर ने अनुच्छेद 370 को लेकर अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा है अनुच्छेद 370 को मौजूदा स्वरूप काफी भेदभावपूर्ण है और इसकी समीक्षा की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि 2006-07 और 2010 में उन्होंने जम्मू में जमीन खरीदने की कोशिश की लेकिन स्थानीय प्रशासन ने उन्हें बताया कि 'बाहर' के शख्स से शादी करने के कारण उनका 'स्टेट सबजेक्ट' (नागरिकता) रिन्यू नहीं हुआ। इसलिए वे राज्य में जमीन नहीं खरीद सकती हैं।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी बात की थी।