पाकिस्तान से मिल रही सूचना के अनुसार रावलपिंडी में एक आत्मघाती बम धमाके में पांच लोगों की मौत हो गई। हमले में 17 के करीब लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैँ। बताया जा रहा है कि हमलावर बाइक पर सवार होकर आया था, जिसे रोकने की कोशिश की गई तो उसने खुद को उड़ा लिया। हादसे के बाद पूरे पाकिस्तान में अलर्ट कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार एक ईमामबाडा में शुक्रवार शाम काफी लोग जमा थे। तभी बाइक पर सवार होकर आए एक शख्स ने अंदर घुसने का प्रयास किया। उसे अचानक अंदर आते देख बाहर खड़े जावेद नाम के युवक ने उसे रोकने का प्रयास किया।
बताया जाता है इसी दौरान बाइक सवार युवक ने खुद को बम से उड़ा लिया। जिसमें बाहर खड़े लोगों सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई। विस्फोट इतना तीव्र था कि आसपास की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे भी टूट गए। हादसे में 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।