पुलिस की पड़ताल के बीच जी न्यूज के चेयरमैन सुभाष चंद्रा लंदन पहुंच गए हैं। वह 28 नवंबर की रात ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट से लंदन चले गए। ब्रिटिश एयरवेज की ओर से दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों को फैक्स भेजकर इस बात की पुष्टि कर दी गई है।
संपादकों की गिरफ्तारी के समय सुभाष चंद्रा मुंबई में मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि वह पूछताछ से बचने के लिए लंदन गए हैं। जब वह भारत आएंगे तो पूछताछ के लिए फिर से नोटिस दिया जाएगा। हालांकि चंद्रा के भाई जवाहर गोयल ने मामले की जानकारी होने से इनकार कर दिया है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खबर रोकने की एवज में 100 करोड़ रुपये मांगने के आरोप में गिरफ्तार किए गए संपादक सुधीर चौधरी और समीर अहलूवालिया को जब दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था उस समय सुभाष चंद्रा मुंबई में मौजूद थे। वह जी न्यूज के सीनियर अधिकारियों से संपर्क कर हालत का जायजा ले रहे थे। इसके बाद वह लंदन चले गए।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान जी न्यूज के लीगल हेड ने बताया कि 100 करोड़ रुपये व उसके एवज में विज्ञापन का एग्रीमेंट जी न्यूज के लीगल सेल के एक कर्मचारी ने ही टाइप किया है। वह इस समय दिल्ली से बाहर है। लीगल हैड की ओर से कहा गया है कि एग्रीमेंट टाइप करने वाला शख्स सोमवार को दिल्ली पुलिस के सामने पेश हो जाएगा।
पुलिस पूछताछ में सेल्स हैड ने कहा कि 100 करोड़ रुपये का विज्ञापन लेने की उन्हें जानकारी नहीं थी। पूछताछ के बाद ये लोग वापस चले गए। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुभाष चंद्रा के बेटे पुनीत से पूछताछ की जाएगी या नहीं, ये अभी तय नहीं किया गया है। ये फैसला लेने में कुछ दिन का समय लगेगा।