मेरठ जिले के गांव शौंदत में मदरसे से पढ़ कर घर लौट रही एक छात्रा के साथ तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। ज्यादती की शिकार छात्रा बदहवास हालत में जब घर पहुंची तो कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस गांव में पहुंची और छात्रा के बयान दर्ज किए। छात्रा ने एक युवक को पहचान लेने का दावा किया है। पुलिस ने युवक की तलाश के लिए दबिश दी, परंतु वह पकड़ा नहीं जा सका।
छात्रा गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे मदरसे से लौट रही थी। आरोप है कि तीन युवक उसे उठाकर पास के अमरसिंहपुर के जंगल में ले गए। वहां ईख के खेत में तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बेहोशी की हालत में उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। उनके जाने के बाद छात्रा को होश आया तो वह बदहवास हालत में घर पहुंची।
उसकी हालत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। उसने परिजनों को आपबीती सुनाई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। छात्रा ने एक युवक को पहचान लेने की बात कही है। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और छात्रा के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश में दबिश दी, परंतु वह हत्थे नहीं चढ़ पाया।
गांव में पीड़ित पक्ष को दबाव में लेने का खेल भी शुरू हो गया था। थानाध्यक्ष प्रमोद पंवार ने बताया कि छात्रा अभी गफलत में है। उसके बयान दर्ज कर लिए है, जिस पर पुलिस जांच में जुट गई है। तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।