फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी का मिशन ‘272 प्लस’: मुस्लिम वोटों पर निगाहें

Mon, 19 Aug 2013 08:28 AM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा अपने मिशन ‘272 प्लस’ के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसके तहत गुजरात दंगों को लेकर निशाने पर रहने वाले नरेंद्र मोदी ने अब मुस्लिम समुदाय को लुभाने की कवायद शुरू की है।
विज्ञापन


मुस्लिम समुदाय को पार्टी के साथ जोड़ने का महामंत्र देते हुए भाजपा चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब गुजरात में 20 से 25 फीसदी मुस्लिम पार्टी को वोट दे सकते हैं तो फिर देशभर में क्यों नहीं।

समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि खासकर पसमांदा मुसलमान और पिछड़े हमारे साथ जुड़ सकते हैं।

मुस्लिम समुदाय के बीच अपना जनाधार बढ़ाने के लिए भाजपा विजन डॉक्यूमेंट भी तैयार कर रही है। साथ ही पार्टी ने बूथ स्तर से लेकर घर-घर जाकर मतदाताओं से जुड़ने का लक्ष्य तय किया है। पार्टी नव मतदाताओं यानी 18 से 21 आयु वर्ग के मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर देगी।
विज्ञापन


भाजपा 25 सितंबर से नव मतदाताओं का रजिस्ट्रेशन करेगी और फिर उनके सम्मेलन भी करेगी। लोकसभा व पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, चुनाव अभियान समिति और प्रदेश अध्यक्षों व संगठन महासचिवों की एक दिनी बैठक हुई।

इसमें भाजपा नेतृत्व ने पार्टीजनों से समाज के हर वर्ग के बीच पहुंचने के लिए अभी से जुट जाने को कहा। खासतौर पर कमजोर तबके के मुस्लिमों के बीच जाने की जरूरत बताई गई। इस मिशन के लिए चुनाव प्रबंधन, सही प्रत्याशी चयन से लेकर जनाधार बढ़ाने की बात कही गई।

भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में जीत को लेकर आश्वस्त है, लेकिन दिल्ली को लेकर पार्टी चिंतित दिखी। मिजोरम को लेकर ज्यादा उम्मीद नहीं है।

लोकसभा चुनाव को लेकर नरेंद्र मोदी से लेकर पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह व वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि जनता अब कांग्रेस शासन से मुक्ति चाहती है, इसलिए हमें इस मौके का लाभ उठाना चाहिए।

राजनाथ ने तो यहां तक दावा किया कि चुनाव में भाजपा अपने दम पर सरकार बनाने के लिए जरूरी 272 सीटें ले आएगी। पार्टी को महंगाई, भ्रष्टाचार, आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर कांग्रेस के खिलाफ बन रहे माहौल से उम्मीदें जगी है।

इसलिए मोदी ने भी कहा कि लोगों को भाजपा से बड़ी उम्मीदें हैं। इसलिए समय आ गया है कि जनता को विश्वास दिलाया जाए कि भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए ही विकल्प है।

मोदी ने कहा कि इसके लिए अगले 200 दिनों के भीतर बूथ स्तर तक घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाना होगा।

मोदी ने खासतौर पर नए मतदाताओं से संपर्क साधने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए पार्टी को जनाधार का विस्तार करना होगा।

बैठक का उद्घाटन राजनाथ सिंह और समापन आडवाणी ने किया। राजनाथ ने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, घोटाला और कुशासन के चलते आज कांग्रेस का ग्राफ लगातार गिर रहा है। इन मुद्दों को जनता के पास जाना होगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें