धर्मांतरण प्रकरण के आरोपी नंदकिशोर की कुंडली पुलिस ने खोज निकाली है। वह पहले राजस्थान से शराब की तस्करी करता था। शाहगंज पुलिस ने 13 साल पहले उसे शराब तस्करी में दो साथियों के साथ जेल भेजा था। दो साल पहले पार्षद का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन जीता नहीं। अब ट्रेवल एजेंसी और ही पेठे की दुकान भी चलाता है।
कबाड़ बस्ती के ठेकेदार इस्माइल ने नंदकिशोर वाल्मीकि के खिलाफ थाना सदर में बुधवार को मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आगरा मंडल के साथ ही आसपास के राज्यों तक खाक छान मारी मगर वह हाथ नहीं लग सका है।
पुलिस को उसके रिश्तेदारों से पूछताछ में जानकारी मिली कि वह शराब तस्कर रहा है। सन 2001 में थाना शाहगंज पुलिस ने उसे 264 बोतल अंग्रेजी शराब समेत पकड़ा था। तकरीबन दो माह तक वह इस मामले में जेल में रहा था।
बाद में पुलिस ने इसी मामले में तीनों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। दोनों मुकदमे अभी भी अदालतों में चल रहे हैं। शराब तस्करी के धंधे के बाद वह राजनीतिक दलों से जुड़ गया। सन 2012 में उसने वार्ड नंबर दो से पार्षद का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गया।