सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एनसीसी की एक कैडेट के साथ बदतमीजी करने के मामले 10 जवानों के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए हैं। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए एसएसबी प्रमुख अरुण चौधरी ने समयबद्ध जांच के आदेश दिए हैं और 15 दिनों के भीतर मुख्यालय में जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी। एसएसबी महानिदेशक चौधरी ने सभी अधिकारियों और जवानों को अनुशासन में रहने के निर्देश भी दिए हैं।
एक फरवरी को पूर्वोत्तर की रहने वाली एनसीसी कैडेट के साथ गुवाहाटी जा रही ट्रेन में छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। लड़की दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने के बाद संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से वापस गुवाहाटी लौट रही थी, इसी दौरान एसएसबी के जवानों ने उस पर फब्तियां कसी।
लड़की ने मुगल सराय रेलवे स्टेशन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एक दर्जन से ज्यादा जवानों को हिरासत में ले लिया गया था। इनमें से 10 को लड़की ने पहचान लिया था। एफआईआर दर्ज करने के बाद इन सभी को जेल भेज दिया गया था।
सूत्रों का कहना है कि यह भी आरोपी सशस्त्र सीमा बल में नए भर्ती हुए थे और दोषी पाए जाने पर इन्हें नौकरी से निकाला भी जा सकता है। एसएसबी ने अपनी सभी 40 बटालियनों के ट्रेनिंग कार्यक्रम में महिलाओं के साथ सही व्यवहार संबंधी विषय को भी शुरू किया है। फोर्स में करीब 8 से 10 फीसदी महिला जवान हैं।