शनिवार को मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ के बाहर बने रैंप को तोड़ दिया।
बीएमसी ने इससे पहले शाहरुख खान को नोटिस जारी किया था कि वह खुद रैंप तोड़ दें अन्यथा बीएमसी खुद कार्रवाई करेगी। लेकिन इसका जवाब न मिलने पर बीएमसी के अतिक्रमण निरोधी दस्ते के अधिकारी बुल्डोजर लेकर शाहरुख खान के बंगले पर पहुंचे और रैंप को तोड़ डाला।
भाजपा सांसद पूनम महाजन ने 29 जनवरी को बीएमसी कमिश्नर सीताराम कुंटे को शाहरुख खान के बंगले के बाहर अवैध रूप से बने रैंप को तोड़ने का पत्र दिया था। हालांकि उन्होंने पत्र में शाहरुख खान का जिक्र नहीं किया था लेकिन लिखा था कि बंगले का मालिक रैंप का उपयोग अपनी गाड़ियां खड़ी करने के लिए इस्तेमाल करता है।
इसलिए मैं रैंप को हटाने का अनुरोध करती हूं। दरअसल, स्थानीय लोगों ने पूनम से इसकी शिकायत की थी कि ‘मन्नत’ के बाहर बना रैंप अवैध है जिससे सड़क संकरी हो गई है। खासकर सितंबर महीने में लगने वाले माउंट मेरी चर्च मेले में जाने वाले लोगों को इससे परेशानी होती थी।