गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की ओर से चुनावी कमान क्या संभाली, हर दिन कुछ न कुछ नया बवाल खड़ा हो रहा है। मंगलवार को 65 सांसदों के अमेरिकी राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखकर मोदी को वीजा न देने का आग्रह किया गया था।
लेकिन इस मुद्दे पर मोदी को समर्थक भी मिल रहे हैं। इस सिलसिले में नई कड़ी श्री श्री रविशंकर हैं।
नरेंद्र मोदी के अमेरिकी दौरे पर लगी रोक हटाने के विरोध में भेजी गई चिट्ठी पर अध्यात्मिक गुरु ने अपनी फेसबुक वॉल पर लिखी पोस्ट में कहा है, '65 सांसदों की ओर से उठाया गया यह कदम हमारी न्यायिक प्रणाली का अपमान है।'
मोदी के खिलाफ ओबामा को लिखे पत्र में फर्जी हस्ताक्षर
इससे पहले यह खबर आई थी कि इस पत्र पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी ने भी दस्तखत किए हैं।
हालांकि, जब उनसे इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ किया कि इस पत्र पर उन्होंने हस्ताक्षर नहीं किए हैं।
भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह कई दिनों से मोदी को अमेरिका का वीजा दिलाने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने हाल में कहा था कि आज नहीं, तो कल, अमेरिका को मोदी को वीजा देना ही होगा।