किफायती दरों में विमानन सेवा उपलब्ध कराने वाली स्पाइस जेट ने घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों सेवाओं में ट्रेन से भी सस्ती टिकट मुहैया कराने का ऐलान किया है।
कंपनी की यह किफायती सेवा स्कीम बुकिंग के लिए 11 से 13 फरवरी तक के लिए उपलब्ध है और इन टिकटों पर 1 जुलाई से 24 अक्टूबर 2015 तक यात्रा की जा सकती है।
इस विमानन कंपनी ने अपनी घरेलू उड़ानों पर एक तरफ की यात्रा के लिए टिकट की शुरुआती कीमत महज 599 रुपए रखी है। इसमें सभी कर शामिल हैं।
वहीं अंतर्राष्ट्रीय विमानन सेवाओं में भी कंपनी किफायती दामों पर टिकट उपलब्ध करा रही है। कोलंबो, काबुल, दुबई टू अहमदाबाद और अहमदाबाद टू मुंबई यात्रा सेवाओं को छोड़कर कंपनी ने अपनी अंतर्राष्ट्रीय विमानन सेवाओं की शुरुआती कीमत 3,499 रखी है।
हालांकि, एयरलाइन की इस खास पेशकश के कुछ समय बाद ही वेबसाइट क्रैश हो गई थी और अब भी इससे टिकट बुकिंग करने पर एरर (error) आ रहा है कि वेबसाइट पर बहुत अधिक ट्रैफिक होने के कारण टिकट बुक नहीं की जा सकती है।