देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट को तेल कंपनियों ने तेल देने से मना कर दिया है, जिसके चलते स्पाइसजेट की हवाई सेवा ठप हो गई है। तेल नहीं होने के कारण कंपनी ने सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन कंपनी का तेल कंपनियों पर 14 करोड़ रुपए बकाया है। सरकार ने तेल कंपनियों से आग्रह किया है कि वह स्पाइसजेट को पैसे चुकाने के लिए कुछ और समय दें।
स्पाइसजेट, कलानिधि मारन के सन ग्रुप की एयरलाइन कंपनी है। सन ग्रुप के सीएफओ एसएल नारायणन ने कहा है कि तेल न होने की वजह से सभी उड़ानें प्रभावित हो गई हैं। कंपनी के सीओओ संजीव कपूर ने ट्विटर पर कहा है कि स्पाइसजेट जल्द ही इससे निजात पा लेगी। उन्होंने यह भी कहा है कि कंपनी हर साल 3 हजार करोड़ से भी अधिक सिर्फ तेल पर खर्च करती है और कभी भी डिफॉल्ट नहीं किया है।