फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BJP विधायकों के अच्छे दिन, लाखों खर्च कर देखेंगे फुटबॉल

Sat, 14 Jun 2014 10:56 AM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
ब्राजील में शुरू हो रहे फुटबॉल विश्वकप में गोवा के 6 विधायकों के शामिल होने के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। ये विधायक अगले महीने फुटबॉल मैच का मजा लेने ब्राजील जाने की तैयारी में हैं।
विज्ञापन


इन विधायकों में 3 मंत्री भी शामिल हैं। ये सभी लोग सरकारी खर्चे पर फुटबॉल मैच का मजा लेंगे। राज्य की मनोहर पर्रिकर सरकार इस पर 89 लाख रुपए खर्च करेगी।

इस मामले के सामने आने के बाद कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरने की कोशिश की है।

कांग्रेस का पीएम मोदी पर निशाना

कांग्रेस नेता ने कहा, "आश्चर्य है एक दिन पहले मोदी जी गरीबी और गरीब लोगों के बारे में बोल रहे थे और आज गोवा में उनकी सरकार के विधायक फुटबॉल देखने जाने की तैयारी कर रहे हैं।"

इतना ही नहीं राशिद अल्वी ने आगे कहा, "अगर यही 'अच्छे दिन' का मतलब है, तो निश्चित रूप से ये अच्छे दिन गोवा के विधायकों के लिए आए हैं।"

दरअसल, एक अंग्रेजी समाचार पत्र में छपी रिपोर्ट के मुताबिक गोवा सरकार के खर्चे पर प्रदेश के 3 मंत्रियों समेत 6 विधायक फुटबॉल विश्वकप के लिए ब्राजील जाने वाले हैं।

गोवा सरकार के तीन मंत्री शामिल

इसमें गोवा के खेल मंत्री रमेश तवाडकर, मत्‍स्य पालन मंत्री ए. फरटाडो, ऊर्जा मंत्री मिलिंद नाइक के साथ-साथ वास्को से बीजेपी विधायक कार्लोस अल्मेडा, वेलिम से विधायक बेंजामिन सिल्वा और अल्डोना से विधायक ग्लेन टिस्को शिरकत करेंगे। गोवा के खेल मंत्री रमेश तवाडकर का पहला आधिकारिक विदेशी दौरा होगा।

हैरानी की बात यह है कि इस डेलिगेशन में कोई खिलाड़ी, फुटबॉल जानकार या अधिकारी शामिल नहीं है।

समाचार पत्र के मुताबिक गोवा के खेल प्राधिकरण के अधिकारियों ने अपनी फाइल आगे बढ़ाकर ब्राजील जाने की इच्छा जाहिर की थी, इनमें गोवा के अर्जुन अवॉर्ड विजेता ब्रह्मानंद शांखवल्कर और ब्रूनो काउटिन्हो का नाम शामिल है। लेकिन दुर्भाग्य से मंत्रियों को तरजीह दी गई।
विज्ञापन

ब्राजील में है फुटबॉल विश्वकप

ये डेलीगेशन 4 और 5 जुलाई को मरकाना में होने वाले पहले और दूसरे क्वार्टर फाइनल को देखेंगे। इसके अलावा 8 और 9 जुलाई को एस्टाडियो कास्टेलाओ और एस्टाडियो मिनेराओ के स्टेडियम में खेले जाने वाले सेमी फाइनल को भी देखेंगे।

ये कोई पहला मामला नहीं है जब राज्य सरकार की ओर से विधायकों का ग्रुप विदेश दौरे पर गया हो।

इससे पहले साल 2012 में एफआईएम विश्व मोटरक्रॉस चैंपियनशिप के लिए भी विधायकों का एक ग्रुप ब्रिटेन गया था। जिसमें इस बार के 6 विधायकों में चार विधायक शामिल थे। ये चैंपियनशिप ब्रिटेन के विंचेस्टर में आयोजित की गई थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें