इस बार की गर्मियों में देश में ही हवाई यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। स्पाइसजेट ने अपने सुपर समर सेल ऑफर के तहत घरेलू उड़ानों के यात्री किराये में 75 प्रतिशत तक की छूट देने की घोषणा की है तो गोएयर ने भी 26 फरवरी तक बुकिंग कराने पर किराये में 70 फीसदी तक की छूट का ऑफर दिया है।
इसके अलावा इंडिगो एयरलाइंस ने भी चुनिंदा रूटों पर सस्ते टिकट की पेशकश की है। पिछले एक महीने में यह तीसरा मौका है जब स्पाइसजेट ने किराये में छूट का ऐलान किया है।
स्पाइसजेट की वेबसाइट के अनुसार, यह सुविधा एक अप्रैल से 30 जून के बीच यात्रा करने वालों को ही मिलेगी। इसके लिए 24 से 26 फरवरी के बीच टिकट बुक करानी होगी।
कंपनी का कहना है कि चूंकि यह छूट मूल किराये पर है, इसलिए टिकट पर लगने वाले सभी अतिरिक्त कर और शुल्क यात्रियों को वहन करने होंगे। हालांकि कंपनी ने छूट वाले टिकटों की संख्या का खुलासा नहीं किया है।
तेजी से होगा तत्काल रिजर्वेशन
ऑनलाइन तत्काल रिजर्वेशन प्रक्रिया को तेज करने लिए आईआरसीटीसी ने अपनी वेबसाइट को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक लाइट मोड में रखना शुरू कर दिया है।
इससे सुबह 10 से 11 बजे के बीच ऑनलाइन टिकट बुकिंग में 20 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट को लेकर शिकायत थी कि सुबह 10 बजे तत्काल टिकट की बुकिंग शुरू होते ही हैंग हो जाती है।
इससे निपटने के लिए आईआरसीटीसी ने सुबह 9:30 से 12 बजे तक को लाइट समय घोषित कर दिया है।
इलाहाबाद के लिए ‘होली स्पेशल’ ट्रेन
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ‘होली स्पेशल’ नामक यह ट्रेन आनंद विहार रेलवे स्टेशन से इलाहाबाद के बीच चलेगी।
ट्रेन संख्या 04117 इलाहाबाद से आनंद विहार के लिए 19 और 22 मार्च को रात 11:45 बजे छूटेगी।
वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04118 आनंद विहार रेलवे स्टेशन से इलाहाबाद के लिए 20 और 23 मार्च को चलेगी। आनंद विहार से ट्रेन दोपहर 12 बजे रवाना होगी और रात 9:15 बजे इलाहाबाद पहुंचेगी।
ट्रेन में 2 टीयर और 3 टीयर एसी का एक-एक कोच, आठ कोच द्वितीय श्रेणी शयनयान और छह जनरल श्रेणी वाले कोच होंगे। इसका स्टॉपेज फतेहपुर, कानपुर, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में होगा।
उल्लेखनीय है कि होली 17/18 मार्च को है, लेकिन रेलवे आनंद विहार रेलवे स्टेशन से 19 मार्च को होली स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
एम्स ओपीडी में एडवांस बुकिंग
देश के सबसे बड़े अस्पताल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की ओपीडी में इलाज के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।
फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसे शुरू किया है, जिसके सफल होने पर इसे पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा।
नई व्यवस्था के पूरी तरह लागू होने के बाद देश भर से आने वाले मरीजों को लंबी लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।