पाकिस्तानी सैनिकों के हमले में पांच भारतीय जवानों के शहीद होने के मामले में राज्यसभा में मंगलवार को विपक्ष ही नहीं सरकार के सहयोगी दल के सदस्यों का गुस्सा भी भड़क उठा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर और सपा सांसद नरेश अग्रवाल के बीच तो हाथापाई की नौबत तक आ गई।
हुआ यूं कि प्रश्नकाल के दौरान समूचे विपक्ष ने इस मसले पर बहस की मांग की। जबकि सत्तापक्ष के सदस्य प्रश्नकाल चलने देने की मांग कर रहे थे।
पढ़ें, सरहद पर फिर ना'पाक' हरकत, हमले में 5 जवान शहीद
इस मसले पर दोनों पक्षों के बीच तकरार बढ़ गई। अग्रवाल ने कहा कि भारतीय चौकी पर हमला देश का मुद्दा है। देश से ऊपर कुछ नहीं होता है।
इसके जवाब में अय्यर ने कह डाला कि प्रश्नकाल के लिए भी ऐसे ही गंभीर प्रश्न सूचीबद्ध हैं।
अय्यर ने अग्रवाल से पूछ डाला कि क्या वह प्राकृतिक गैस के दामों में वृद्धि को लेकर चिंतित नहीं है। उन्होंने कहा कि वह गैस के मूल्य को लेकर मंत्री का जवाब सुनना चाहते हैं।
इसके बाद अग्रवाल ने कहा, ‘सभापति जी ये पाकिस्तान के एजेंट हैं।’
पढ़ें, हमले पर एंटनी के लचर बयान की विपक्ष ने उड़ाई धज्जियां
इस बात को लेकर अय्यर नाराज हो गए। उन्होंने अग्रवाल की ओर बढ़ते हुए कहा कि आपकी मुझे ऐसा कहने की हिम्मत कैसे हो गई। आपने इतनी बड़ी बात कैसे कह दी।
अय्यर को कुछ सदस्यों ने रोका। इस बीच राज्यसभा के सभापति अहमद अंसारी ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।