फ्लाइट के दौरान जाने-माने गायक सोनू निगम के गाना गाने को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले में जहां फ्लाइट में यात्रा कर रहे लोगों को बॉलीवुड गाने का लुत्फ मिला लेकिन इसका खामियाजा फ्लाइट के क्रू मेंबर्स को उठाना पड़ा है।
भारतीय विमानन नियामक बोर्ड ने इसे गंभीरता से लेते हुए जेट एयरवेज की पांच एयरहोस्टेस को निलंबित कर दिया है। विमान के संबोधन प्रणाली में सोनू निगम के गाना गाने की वजह से ये कार्रवाई की गई।
दरअसल, फ्लाइट के अंदर ये कॉन्सर्ट 4 जनवरी को सामने आया, जब जेट एयरवेज की चार्टर्ड फ्लाइट जोधपुर से मुंबई जा रही थी। मिल रही जानकारी के मुताबिक, विमान में मौजूद लोग सोनू निगम को पहचान गए और उन्होंने बॉलीवुड गायक से विमान में गाने की अपील की।
सोनू निगम भी लोगों की मांग को ठुकरा नहीं सके और उन्होंने दो गाने सुना दिए। सोनू ने 'वीरजारा' फिल्म से 'दो पल रूका...' और 'रिफ्यूजी' फिल्म का गाना 'पंछी नदिया पवन के झोंके' लोगों के सामने पेश किया।