खाद्य सुरक्षा विधेयक पर लोकसभा में चर्चा के बाद शुरू हुई वोटिंग के दौरान ही सोमवार रात कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्वास्थ्य जांच के लिए उन्हें एम्स ले जाया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष बीते रविवार से ही बीमार थीं। सोनिया को वायरल बुखार से पीड़ित बताया जा रहा है।
देर रात एम्स में डॉक्टर सोनिया की स्वास्थ्य जांच में जुटे थे। वह कार्डियो न्यूरो सेंटर में भर्ती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक सोनिया की हालत स्थिर है और कोई चिंता की बात नहीं है।
देर रात कांग्रेस नेता जनार्दन द्विवेदी ने कहा कि दवा के रिएक्शन कर जाने की वजह से सोनिया की तबीयत बिगड़ी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी सोनिया का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे।
पढ़ें, खाद्य सुरक्षा विधेयक को मिली लोकसभा की मंजूरी
स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद एम्स के निदेशक के सीधे संपर्क में हैं। इस बीच देर रात मंत्रियों, दिग्गज कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा भी वहां लगना शुरू हो गया।
सोनिया ने सोमवार को लोकसभा में खाद्य सुरक्षा विधेयक पर हुई चर्चा में हिस्सा लिया। वह दोपहर दो बजे से पहले लोकसभा पहुंचीं।
रात करीब सवा आठ बजे तबीयत खराब होने के कारण सदन में ही उन्होंने राहुल गांधी को बुलाया। इसके बाद वह राहुल और केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा के साथ सदन से बाहर निकल गईं।
इस दौरान वह लड़खड़ा रही थीं और उनका बैग शैलजा ने संभाल रखा था। संसद भवन से बाहर आते समय सीढ़ियों से उतरने के क्रम में उन्होंने शैलजा का सहारा भी लिया। लोकसभा से अपने सरकारी आवास दस जनपथ पहुंचने के बाद अचानक सोनिया एम्स पहुंच गईं।
पढ़ें, मुसीबत में फंसी सरकार तो सुषमा ने उबारा
माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष वायरल से पीड़ित हैं। उन्हें बीते रविवार को भी बुखार था और उन्होंने दवाएं भी ली थीं।
एम्स के सूत्रों ने बताया कि सोनिया को पहले आईसीयू में ले जाया गया था क्योंकि उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी, लेकिन बाद में उन्हें कार्डियो न्यूरो सेंटर में रखा गया।
बिल पास होते नहीं देख पाईं सोनिया
जिस खाद्य सुरक्षा बिल को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूरी शिद्दत के साथ आगे बढ़ाया और उसे ऐतिहासिक भी करार दिया, वह खुद उस बिल को लोकसभा में पास होता नहीं देख पाईं।
सोनिया की तबीयत तब अचानक बिगड़ गई, जबकि बिल पर पेश किए गए संशोधनों पर वोटिंग चल ही रही थी। सोनिया के लोकसभा से जाने के करीब ढाई घंटे बाद यह बिल पास हो गया।