फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरक्रीक पर सोनिया-मोदी में जुबानी जंग

Fri, 14 Dec 2012 10:03 PM IST
अहमदाबाद/समीर शर्मा
विज्ञापन
विज्ञापन
सरक्रीक मामले को मुद्दा बनाने में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग सफल हो गए हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से मोदी पर निशाना साधने से अब यह बड़ा मुद्दा बनता नजर आ रहा है।
विज्ञापन


मोदी ने पहले चरण के मतदान से ठीक पहले सरक्रीक की जमीन पाकिस्तान को देने की आशंका जताई थी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि पाक को जमीन देने की कोशिश किसी हाल में पूरी नहीं होने दी जाएगी।

दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए कल्लोल (गांधीनगर) पहुंची सोनिया गांधी ने चुनावी सभा में सरक्रीक मुद्दे पर मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री सीमा के नाम पर लोगों को उकसा रहे हैं।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के साथ खिलवाड़ बिलकुल गलत है। यह मुद्दा छेड़ कर मोदी देश का माहौल बिगाड़ने में लगे हुए हैं।

सोनिया ने गुजरात में विकास के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार केंद्र से मिले धन का दुरुपयोग कर रही है। वह विकास के लिए मिले पैसे का उपयोग विकास के गलत आंकड़े पेश कर अपनी छवि बनाने में कर रही है।

सोनिया गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को काफी आर्थिक सहायता दी, लेकिन प्रदेश में जितना विकास होना चाहिए था, नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि गांवों को पूरी बिजली नहीं दी जा रही और साढ़े चार लाख किसान बिजली को तरस रहे हैं। इसके बावजूद मोदी 50 लाख मकानों का सपना दिखा रहे हैं। सोनिया ने कहा कि कांग्रेस ऐसे वादे नहीं करती, जो पूरे नहीं किए जा सकें। उन्होंने कहा कि गुजरात में दिशा और दशा दोनों बदले की जरूरत है।

झूठ बोलना सोनिया गांधी को शोभा नहीं देता
गुजरात में चुनाव प्रचार के दौरान सोनिया गांधी की ओर से उठाए गए सवालों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जोरदार पलटवार किया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी कह रही हैं कि गुजरात को केंद्र सरकार की ओर से सबसे अधिक सहायता मिली है, जबकि सच्चाई यह है कि राज्य को वाजपेयी सरकार के कार्यकाल के मुकाबले 8 हजार करोड़ रुपये कम मिल रहा है।

साथ ही मोदी ने कहा कि जनता के सामने झूठ बोलना सोनिया गांधी को शोभा नहीं देता। सरक्रीक के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से दिए गए बयान के जवाब में उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को बयानबाजी करने के बजाय दिल्ली में अपनी सरकार से यह कहलवा देना चाहिए कि पाकिस्तान को एक इंच भी जमीन नहीं दी जाएगी।

मोदी ने चुटकी लेते हुए कहा कि बार-बार कहने के बावजूद सोनिया गांधी एक बार फिर बिना अध्ययन के गुजरात आ गई हैं। बिजली नहीं मिलने पर उन्होंने कहा कि गुजरात के शहर व गांवों में 24 घंटे बिजली आ रही है, अगर दिल्ली में हर समय बिजली उपलब्ध है, तो खुद सोनिया गांधी के घर पर जनरेटर क्यों लगा हुआ है। मोदी ने कहा कि गुजरात के किसी घर में जनरेटर नहीं है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें