काशी की सोनम पटेल आतंकवादी हिंसा की आंच में झुलसती दुनिया में शांति और प्रेम का बीज बोने के लिए श्रीमद्भागवत गीता को हथियार बनाना चाहती है। वह चाहती है कि जमाने को कर्तव्यबोध कराने के लिए गीता को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए।
महज पांच साल की उम्र में गीता के सात सौ श्लोक कंठस्थ करने वाली सोनम की सराहना रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में की तो उसका उत्साह और बढ़ गया। सोनम ने बीते 18 सितंबर को बनारस दौरे पर आए पीएम से डीरेका गेस्ट हाउस में मुलाकात की थी और उनको गीता के चौथे अध्याय का श्लोक सुनाया था।
सुंदरपुर मुहल्ले के निजी स्कूल के शिक्षक सदाबृज पटेल की दो संतानों में सबसे बड़ी पुत्री सोनम रविवार को तब चर्चा में आई जब ‘मन की बात’ के दौरान पीएम ने उसकी तारीफ की।