आईआईटी दिल्ली के निदेशक के इस्तीफे से उत्पन्न विवाद के बीच मानव संसाधन विकास मंत्रालय गांवों के विकास से जुड़े उन्नत भारत अभियान को सफल बनाने में जुट गया है। मंत्रालय जल्द ही इस अति महत्वाकांक्षी योजना के लिए नए दिशा-निर्देश जारी कर सकता है।
मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि आईआईटी दिल्ली के निदेशक रघुनाथ शेवगांवकर की नीति उन्नत भारत अभियान में रोड़ा अटकाने वाली थी। गांवों के विकास के लिए यह योजना बेहद कारगर मानी जा रही है।
अभियान से जुड़े लोगों का दावा है कि यदि योजना सही ढंग से चल निकली तो वह दिन दूर नहीं जब शहरों के युवा रोजगार के लिए गांवों की ओर रुख करेंगे।
देश के छह लाख गांवों के सुदृढ़ विकास के लिए कारगर योजना के अभाव में आईआईटी के जरिए इस अनूठी योजना की शुरुआत हुई थी लेकिन यह सिर्फ कागजों पर ही चलती रही।
मोदी सरकार के आने के बाद इस योजना को जमीन पर उतारने का प्रयास शुरू हुआ है। नए कलेवर में योजना के साथ देश के सभी छह हजार तकनीकी शिक्षा संस्थानों को जोड़ने का खाका तैयार गया है।