बंगलूरू के एक निजी स्कूल में छह वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर रेप की घटना के चार दिन बाद पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की है। रविवार को पुलिस ने स्केटिंग कोच को गिरफ्तार किया है। गत 2 जुलाई को हुई घटना की पुलिस में 14 जुलाई को शिकायत की गई थी। बंगलूरू के पुलिस कमिश्नर राघवेंद्र औराधकर ने बताया कि मुस्तफा नाम के स्केटिंग कोच को गिरफ्तार किया गया है।
इस घटना के बाद से ही पिछले चार दिनों में शहर में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस वजह से पुलिस और प्रशासन पर काफी ज्यादा दबाव बन गया था। रविवार को भी शहर में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सिविल सोसाइटी के कार्यकर्ताओं और छात्रों के अभिभावकों ने यहां स्थित फ्रीडम पार्क व अन्य स्थानों में प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन में भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा और बाइकर्स एसोसिएशन भी शामिल हुए। यह घटना गत 2 जुलाई को हुई थी, लेकिन 15 जुलाई को यह मामला सामने आया। इस घटना के खिलाफ सोशल मीडिया पर भी मुहिम चलाई जा रही है। हालांकि इससे पहले से पुलिस कमिश्नर ने लोगों को भरोसा दिया था कि इस मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।
विपक्षी पार्टियों ने भी राज्य सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है और गृह मंत्री केजे जॉर्ज के इस्तीफे की मांग की जा रही है। इस घटना के अलावा गत 10 जुलाई को 22 वर्षीय युवती से कार में रेप और 15 वर्षीय नन के साथ दुष्कर्म की घटना की वजह से लोगों का गुस्सा भड़क उठा है।